कोरबा

ओवरब्रिज का होगा कायाकल्प, आयुक्त ने किया निरीक्षण

मल्टी फैसिलिटी और स्वच्छता मॉडल के रूप में विकसित होगा ओवरब्रिज का निचला हिस्सा, व्यापारियों से अतिक्रमण हटाने और यातायात व्यवस्था में सहयोग की अपील

कोरबा (ट्रैक सिटी)। शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने की दिशा में नगर पालिक निगम कोरबा ने पहल तेज कर दी है। इसी कड़ी में निगम आयुक्त आशुतोष पांडे ने आज दर्री रोड स्थित ओवरब्रिज के नीचे के क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय व्यापारियों से चर्चा कर क्षेत्र की साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था और सौंदर्यीकरण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निगम आयुक्त ने बताया कि ओवरब्रिज के नीचे के क्षेत्र को मल्टी फैसिलिटी और स्वच्छता मॉडल के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे। इसके तहत ओवरब्रिज के निचले हिस्से का रिनोवेशन कर क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

https://www.instagram.com/reel/DeBF96PCc2x/?stkn=MXV6aW1nMzVpcW55aQ==

अतिक्रमण हटाने और व्यवस्था सुधारने पर जोर
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने स्थानीय व्यापारियों से संवाद करते हुए ओवरब्रिज के नीचे अनावश्यक रूप से रखे सामानों को हटाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण नहीं होना चाहिए। शहर की सुंदरता और व्यवस्था बनाए रखना केवल नगर निगम की ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक और व्यापारी की भी जिम्मेदारी है।

सामग्री आपूर्ति वाहनों के लिए समय निर्धारित करने पर चर्चा

आयुक्त ने व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में सामान लेकर आने वाले आपूर्ति वाहनों के लिए समय निर्धारित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने व्यापारियों से कहा कि सामग्री की लोडिंग और अनलोडिंग ऐसी व्यवस्था के तहत की जाए, जिससे मुख्य मार्ग पर यातायात बाधित न हो और आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े।

जनसहयोग से बनेगा स्वच्छ और सुंदर कोरबा
निगम आयुक्त ने व्यापारियों से शहर के विकास और सौंदर्यीकरण में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशासन और नागरिकों के सामूहिक प्रयासों से ही शहर को स्वच्छ, स्वस्थ, सुंदर और विकसित बनाया जा सकता है।

दर्री रोड स्थित ओवरब्रिज के नीचे प्रस्तावित रिनोवेशन और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था से इस व्यस्त क्षेत्र की तस्वीर बदलने की उम्मीद है। नगर निगम की इस पहल का उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने के साथ ही व्यापारियों और आम नागरिकों के लिए सुविधाजनक वातावरण तैयार करना है।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button