कोरबा

घंटाघर में सेवा ज्योति यात्रा और रामलीला की तैयारी शुरू

कोरबा (ट्रैक सिटी)। कोरबा शहर के घंटाघर ओपन थिएटर में आगामी 7 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाले सेवा ज्योति यात्रा कार्यक्रम और आगामी दशहरा पर्व को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। आयोजन की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए नगर पालिक निगम आयुक्त आशुतोष पांडे, जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन सहित निगम के अधिकारी-कर्मचारियों ने घंटाघर ओपन थिएटर का निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल पर मंच, साफ-सफाई, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था, बैठक व्यवस्था, आवागमन, पार्किंग सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। आयोजन की तैयारियों में जुटे अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए समय रहते सभी व्यवस्थाएं पूरी करने को कहा गया।

7 अक्टूबर को आयोजित होने वाली सेवा ज्योति यात्रा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों की जनसेवा, समर्पण और राष्ट्र-निर्माण के कार्यकाल के अवसर पर आयोजित किए जा रहे कार्यक्रमों का हिस्सा है। यह आयोजन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत किया जा रहा है।

सेवा ज्योति कार्यक्रम के तहत देश के विभिन्न जिलों और राज्यों में सेवा ज्योति कलश यात्रा, साइकिल एवं मोटरसाइकिल रैली तथा विकसित भारत संकल्प सभा जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कोरबा में भी घंटाघर को प्रमुख आयोजन स्थल के रूप में तैयार किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का लाइव संबोधन भी प्रसारित किए जाने की जानकारी है।

आशुतोष पाण्डेय, निगम आयुक्त कोरबा

वहीं, आगामी दशहरा पर्व को देखते हुए घंटाघर ओपन थिएटर में रामलीला और दशहरा कार्यक्रमों के आयोजन की तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं। इसे लेकर स्थल की व्यवस्थाओं को व्यवस्थित करने और आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचने वाले लोगों की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने आयोजन से जुड़े कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। सेवा ज्योति कार्यक्रम के साथ ही दशहरा पर्व को लेकर आने वाले दिनों में घंटाघर क्षेत्र में तैयारियां और तेज होने की संभावना है।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button