गौरेला पेंड्रा मरवाही

राष्ट्रीय पोषण माह : नगर पालिका अध्यक्ष मुकेश दुबे ने पोषण रथ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना।  

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही(ट्रैक सिटी)/ राष्ट्रीय पोषण माह के तहत जिले में महिलाओं, किशोरियों एवं बच्चों के बेहतर पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।महिला एवं बाल विकास संचालनालय की संयुक्त संचालक श्रीमती जगरानी एक्का ने शनिवार जिले का भ्रमण कर पोषण माह के तहत संचालित गतिविधियों एवं विभागीय सेवाओं का अवलोकन किया। राष्ट्रीय पोषण माह के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद गौरेला के अध्यक्ष मुकेश दुबे ने पोषण रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पोषण रथ के माध्यम से आम नागरिकों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, बच्चों के समुचित पोषण, स्वच्छता तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इस अवसर पर अनेक जनप्रतिनिधिगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

संयुक्त संचालक श्रीमती एक्का ने मरवाही परियोजना अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र कोटनान टोला तथा गौरेला परियोजना अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र स्टेशन पारा का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्रों में संचालित पोषण संबंधी गतिविधियों और हितग्राहियों को प्रदान की जा रही सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों, गर्भवती एवं शिशुवती माताओं के पोषण और स्वास्थ्य के प्रति नियमित रूप से जागरूकता गतिविधियां संचालित करने पर जोर दिया।उन्होंने कहा कि बच्चों के स्वस्थ भविष्य की मजबूत नींव उचित पोषण से ही तैयार होती है।आंगनबाड़ी केंद्र शासन की पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं को महिलाओं और बच्चों तक पहुंचाने की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। श्रीमती एक्का ने सखी वन स्टॉप सेंटर, गौरेला का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सेंटर के माध्यम से जरूरतमंद एवं हिंसा से प्रभावित महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही सहायता एवं सेवाओं की जानकारी ली और व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button