कोरबा

श्रीरामचरितमानस चौपाई प्रतियोगिता का आयोजन, राज्यपाल पुरस्कृत पंडित शिवराज शर्मा होंगे निर्णायक, संगीतमयी प्रस्तुति से सजेगी भक्ति की संध्या।

कोरबा(ट्रैक सिटी)। मारवाड़ी ब्राह्मण विकास समिति एवं मारवाड़ी ब्राह्मण महिला मंडल कोरबा के संयुक्त तत्वावधान में शरदोत्सव के अंतर्गत आज रविवार, 25 अक्टूबर को श्रीरामचरितमानस चौपाई प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। शरद पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित श्रेष्ठ शिक्षक एवं सुप्रसिद्ध मानस गायक पंडित शिवराज शर्मा निर्णायक की भूमिका निभाएंगे। इसके साथ ही वे श्रीरामचरितमानस पर आधारित विशेष संगीतमयी प्रस्तुति भी देंगे। कार्यक्रम का आयोजन रात्रि 8 बजे से परशुराम भवन, कोरबा में किया जाएगा।

कार्यक्रम के संयोजक डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने बताया कि पंडित शिवराज शर्मा एक उत्कृष्ट शिक्षक होने के साथ श्रीरामचरितमानस के विद्वान एवं प्रसिद्ध मानस गायक हैं। सुंदरकांड का उनका भावपूर्ण गायन श्रोताओं को भक्ति रस से सराबोर कर देता है। पारंपरिक जसगीतों की मनमोहक प्रस्तुति के लिए भी उन्हें विशेष पहचान प्राप्त है। शिक्षा, संस्कृति और धार्मिक साहित्य के क्षेत्र में उनका अनुभव इस आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान करेगा।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में पंडित शिवराज शर्मा प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन करेंगे। इसके साथ ही अपनी संगीतमयी मानस प्रस्तुति के माध्यम से उपस्थित श्रद्धालुओं को श्रीरामचरितमानस की चौपाइयों में निहित भक्ति, मर्यादा, आदर्श और जीवन मूल्यों से परिचित कराएंगे। कार्यक्रम में भक्ति, संगीत, साहित्य और भारतीय संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।

मारवाड़ी ब्राह्मण विकास समिति के अध्यक्ष कैलाश शर्मा ने कहा कि श्रीरामचरितमानस चौपाई प्रतियोगिता का उद्देश्य केवल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना नहीं, बल्कि मानस में निहित जीवन दर्शन, संस्कार और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना भी है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने और भारतीय परंपराओं के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने कहा कि जब श्रीरामचरितमानस की चौपाइयां स्वर, भाव और भक्ति के साथ गूंजेंगी, तब यह आयोजन केवल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि भगवान श्रीराम के आदर्शों से जुड़ने का आध्यात्मिक अवसर भी बनेगा।

मारवाड़ी ब्राह्मण विकास समिति के अध्यक्ष कैलाश शर्मा एवं मारवाड़ी ब्राह्मण महिला मंडल की अध्यक्ष रेणु पुजारी ने समाज के सभी सदस्यों, महिलाओं और बच्चों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि समाजजन प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करें और पंडित शिवराज शर्मा की संगीतमयी मानस प्रस्तुति का आनंद लें।

Editor in chief | Website | + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button