कोरबा (ट्रैक सिटी)। छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन को सशक्त एवं संगठित बनाने की दिशा में 25 अक्टूबर 2026 को पंचवटी विश्राम गृह, कोरबा में जिला संयोजक चयन की प्रक्रिया संपन्न हुई। प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा के निर्देशानुसार आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से डॉ. तरुण सिंह राठौर को जिला संयोजक तथा विपिन यादव को जिला उपसंयोजक मनोनीत किया गया।
शिक्षक एवं कर्मचारी हितों के लिए पिछले 20 वर्षों से सक्रिय विपिन यादव को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी जिले के 45 जिला अध्यक्षों, वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं प्रांतीय पर्यवेक्षकों की उपस्थिति में सर्वसम्मति से सौंपी गई। बैठक में पूर्व जिला संयोजक जगदीश खरे ने प्रस्ताव रखा।

विपिन यादव लंबे समय से कर्मचारियों की समस्याओं को उठाने, उनके अधिकारों की रक्षा करने तथा संगठनात्मक एकता मजबूत बनाने के लिए प्रयासरत हैं। उनकी नियुक्ति से जिले में कर्मचारी-अधिकारी संगठन को नई मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
जिला उपसंयोजक बनने पर विपिन यादव ने सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों, प्रांतीय पर्यवेक्षकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वे इस जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ करेंगे। कर्मचारियों की समस्याओं का निराकरण, जायज मांगों को उचित मंच तक पहुंचाना और संगठन की एकता बनाए रखना उनकी प्राथमिकता होगी।
इस नियुक्ति पर शिक्षक जय कुमार राठौर, विनय शुक्ला, डॉ. अजय प्रताप सिंह सहित विभिन्न शिक्षक संघों एवं विभागीय संगठनों के पदाधिकारियों ने विपिन यादव को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

