कोरबा (ट्रैक सिटी)। विदेश में आकर्षक नौकरी दिलाने का लालच देकर युवती को म्यांमार के ‘KK Park’ में बंधक बनाकर साइबर ठगी कराने के मामले में कोरबा पुलिस ने एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद पुलिस ने रिमांड प्राप्त की है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश और पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, थाना दर्री क्षेत्र की निवासी युवती ने फेसबुक पर बैंकॉक में ऑफिस असिस्टेंट की नौकरी का विज्ञापन देखा था। इसमें प्रतिमाह करीब 30 हजार थाई भाट वेतन देने का प्रलोभन दिया गया था। नौकरी की उम्मीद में युवती ने विज्ञापन के जरिए संपर्क किया, जिसके बाद आरोपी महिला लीजा और उसके साथियों ने उसे बेंगलुरु बुलाया।
आरोप है कि वहां से युवती को फ्लाइट के जरिए थाईलैंड ले जाया गया और फिर सीमा पार कराकर म्यांमार स्थित KK Park पहुंचा दिया गया। वहां उसका पासपोर्ट जब्त कर उसे बंधक बना लिया गया और प्रताड़ित करते हुए फर्जी सोशल मीडिया आईडी के माध्यम से ऑनलाइन ट्रेडिंग और निवेश के नाम पर लोगों से साइबर ठगी करने के लिए मजबूर किया गया।
### दूतावास की मदद से भारत लौटी युवती
भारतीय दूतावास और स्थानीय प्रशासन की सहायता से पीड़िता को सुरक्षित भारत वापस लाया गया। उसकी शिकायत पर थाना दर्री में अपराध क्रमांक 331/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 143(2) और 146 के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान कथित संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने स्नेहा भथलाल बडोले (35 वर्ष), निवासी जिला गोंदिया, महाराष्ट्र को गिरफ्तार किया। न्यायालय में पेशी के बाद आरोपी की रिमांड प्राप्त की गई है।
पुलिस ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील
कोरबा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर विदेश में नौकरी दिलाने वाले आकर्षक विज्ञापनों पर बिना सत्यापन भरोसा न करें। नौकरी स्वीकार करने से पहले कंपनी, भर्ती एजेंसी, वीजा और यात्रा दस्तावेजों की वैधता की जांच अवश्य करें। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों, डिजिटल नेटवर्क और वित्तीय लेन-देन से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।

