कोरबा/रायपुर(ट्रैक सिटी)। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के राज्य पुरस्कार जांच शिविर 2025 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सफलता हासिल करने वाले कोरबा जिले के 86 स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स और रेंजर्स को राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। 29 अक्टूबर को रायपुर स्थित लोकभवन में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में राज्यपाल रमेन डेका एवं स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए।
भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, राज्य मुख्यालय द्वारा आयोजित राज्य पुरस्कार प्रमाण पत्र वितरण एवं अलंकरण समारोह में प्रदेशभर से चयनित प्रतिभागी शामिल हुए। इस दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सर्वश्रेष्ठ स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स, रेंजर्स एवं लीडर्स को भी सम्मानित किया गया।
समारोह में कोरबा जिले की ओर से स्काउट ओम सोनी, रोवर दुर्गेश कुमार केवट, गाइड रितुरानी मोदी और रेंजर सुप्रिया साहू ने राज्यपाल रमेन डेका के हाथों प्रमाण पत्र प्राप्त किया। जिले के प्रतिभागी एएलटी गाइड कैप्टन पूर्णिमा भट्टाचार्य के नेतृत्व में समारोह में शामिल हुए।

