कोरबा

एसपी कार्यालय के केबिन में निकला कॉमन वुल्फ स्नेक, वन विभाग और RCRS टीम ने किया सुरक्षित रेस्क्यू

 

कोरबा (ट्रैक सिटी)। जिले के पुलिस अधीक्षक कार्यालय में उस समय हलचल मच गई, जब कार्यालय के एक केबिन में अचानक कॉमन वुल्फ स्नेक दिखाई दिया। केबिन के भीतर सांप को देखकर वहां मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया। तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी गई। वन विभाग के मार्गदर्शन में RCRS (Reptile Care and Rescuer Society) की रेस्क्यू टीम को मौके पर बुलाया गया।

सूचना मिलते ही RCRS के अध्यक्ष अविनाश यादव अपने टीम सदस्यों मानस और अतुल के साथ एसपी कार्यालय पहुंचे। टीम ने पूरी सावधानी बरतते हुए केबिन में सांप की तलाश शुरू की। केबिन में रखे सामान और आसपास के हिस्सों की बारीकी से जांच की गई। कुछ देर की मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीम के सदस्य बॉबी श्रीवास ने कॉमन वुल्फ स्नेक को सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया। इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।

रेस्क्यू के दौरान टीम के सदस्यों ने लोगों को सांप से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और उसे किसी भी प्रकार का नुकसान नहीं पहुंचाने की समझाइश दी। रेस्क्यू किए गए सांप को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ने की कार्रवाई की गई।

वन्यजीव संरक्षण का दिया संदेश

वन विभाग और RCRS की संयुक्त पहल से एक बार फिर मानव और वन्यजीवों के बीच सह-अस्तित्व का संदेश सामने आया है। रेस्क्यू टीम ने लोगों से अपील की है कि घर, कार्यालय, खेत, पोल्ट्री फार्म या अन्य किसी भी स्थान पर सांप दिखाई देने पर घबराएं नहीं और न ही उसे मारने या खुद पकड़ने का प्रयास करें। ऐसी स्थिति में तत्काल वन विभाग अथवा प्रशिक्षित सर्प रेस्क्यू टीम को सूचना दें।

टीम के अनुसार, सांप हमारे पारिस्थितिकी तंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। ये चूहों सहित कई छोटे जीवों की आबादी को नियंत्रित करने में अहम भूमिका निभाते हैं। इसलिए सांपों को मारने के बजाय सुरक्षित रेस्क्यू कर उनके प्राकृतिक आवास में छोड़ना ही वन्यजीव संरक्षण की दिशा में बेहतर कदम है।

एसपी कार्यालय जैसे महत्वपूर्ण स्थान पर सांप मिलने की इस घटना के बाद सफल रेस्क्यू से सभी ने राहत महसूस की। वहीं RCRS टीम की तत्परता और सावधानीपूर्ण कार्रवाई की सराहना की जा रही है।

Editor in chief | Website | + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button