कोरबा

घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में मिली महिला की लाश, सिर पर गंभीर चोट के निशान

ईंट के टुकड़े बरामद, हत्या की आशंका से पुलिस कर रही जांच; डॉग स्क्वायड को नहीं मिला कोई ठोस सुराग

कोरबा(ट्रैक सिटी)। जिले के वनांचल क्षेत्र में स्थित ग्राम जमनीमुड़ा में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला का शव उसके ही घर के अंदर मिला। घटनास्थल का निरीक्षण करने पर महिला के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। वहीं, घर से ईंट के टुकड़े भी बरामद हुए हैं। इन परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस हत्या की आशंका सहित विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। हालांकि, महिला की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

जानकारी के अनुसार, मामला पाली थाना क्षेत्र के ग्राम जमनीमुड़ा का है। यहां सहदेव राम चौहान अपनी पत्नी अगहन कुंवर चौहान के साथ निवास करता था। बताया गया कि बुधवार रात दोनों घर में मौजूद थे। शुक्रवार सुबह जब सहदेव की नींद खुली तो उसने अपनी पत्नी को घर के अंदर मृत अवस्था में पाया। महिला के सिर से खून बह रहा था और शरीर पर चोट के निशान दिखाई दे रहे थे। यह देखकर सहदेव ने तत्काल गांव के लोगों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर एकत्रित हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर पाली TI मनीष कौशिक पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने घर का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच में महिला के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि किसी भारी वस्तु अथवा ईंट से उसके सिर पर वार किया गया होगा। घटनास्थल से मिले ईंट के टुकड़ों को पुलिस ने जब्त कर लिया है।

मामले की गंभीरता और संदिग्ध परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने डॉग स्क्वायड की टीम को भी मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में सुराग तलाशने का प्रयास किया, लेकिन घर में घटना के बाद लोगों की लगातार आवाजाही होने के कारण डॉग स्क्वायड को कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका।

पुलिस ने मर्ग कायम कर महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। TI मनीष कौशिक के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य परिस्थितियों के आधार पर मामले की हर पहलू से जांच कर रही है

Editor in chief | Website | + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button