कोरबा

कोरबा में महिलाओं से पर्स लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

 

दो दिनों में हुई लूट की दो वारदातों का पुलिस ने किया खुलासा, दो अपचारी बालक भी निरुद्ध; मोबाइल और 6 हजार रुपये बरामद

कोरबा (ट्रैक सिटी)।। शहर में राह चलती महिलाओं को निशाना बनाकर पर्स लूटने वाले आरोपियों पर सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग घटनाओं का खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी दीपक साहू (28 वर्ष) को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके साथ वारदात में शामिल दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी निरुद्ध किया गया है। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया विवो कंपनी का मोबाइल फोन और दोनों घटनाओं से संबंधित लगभग 6 हजार रुपये नगद बरामद किए गए हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना सिविल लाइन रामपुर क्षेत्र में 3 और 4 नवंबर 2026 को महिलाओं से पर्स लूटने की दो घटनाएं सामने आई थीं। पहली घटना 3 नवंबर की शाम करीब 4:07 बजे की है। पोड़ीबहार निवासी सीमा महंत पोड़ीबहार से कोसाबाड़ी की ओर जा रही थीं। इसी दौरान कोसाबाड़ी पानी टंकी के पास मोटरसाइकिल सवार अज्ञात आरोपियों ने उन्हें पंचनुमा हथियार दिखाकर डराया-धमकाया और उनके हाथ में रखा हैंड पर्स लूटकर फरार हो गए।

दूसरी घटना 4 नवंबर की शाम करीब 4 से 4:30 बजे के बीच हुई। चंदन सिंह की पत्नी आरती अपनी दो सहेलियों के साथ सेंट जेवियर्स स्कूल में आयोजित वार्षिक उत्सव कार्यक्रम देखने जा रही थीं। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने उनका पर्स लूट लिया और मौके से भाग निकले।

लगातार दो दिनों तक महिलाओं को निशाना बनाकर हुई इन वारदातों को पुलिस ने गंभीरता से लिया। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम ने संदेहियों से पूछताछ की तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मुख्य आरोपी दीपक साहू को हिरासत में लिया।

पूछताछ के दौरान दीपक साहू ने अपने दो अन्य साथियों, जो विधि से संघर्षरत बालक हैं, के साथ मिलकर दोनों घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि लूट की रकम में से कुछ पैसे खाने-पीने में खर्च कर दिए गए थे। वहीं खाली पर्स को पोड़ीबहार मुक्तिधाम की ओर खड़ी एक कार के पीछे फेंक दिया गया था।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक प्रकरण में लूटा गया विवो कंपनी का मोबाइल फोन और दोनों मामलों में कुल लगभग 6 हजार रुपये नगद बरामद किए। बरामद सामग्री को गवाहों की मौजूदगी में विधिवत जप्त किया गया।

मामले में पुलिस ने 5 नवंबर 2026 को मुख्य आरोपी दीपक साहू पिता अमर लाल साहू, उम्र 28 वर्ष, निवासी 15 ब्लॉक, महावीर चौक के पास, चौकी सीएसईबी, थाना सिविल लाइन रामपुर, जिला कोरबा को विधिवत गिरफ्तार किया। वहीं दोनों विधि से संघर्षरत बालकों को निरुद्ध कर आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद तीनों को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

कोरबा पुलिस की अपील: शहर में आवागमन के दौरान महिलाएं अपने पर्स और कीमती सामान को लेकर सतर्क रहें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या घटना की सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाना अथवा पुलिस सहायता नंबर पर दें।

Editor in chief | Website | + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button