मेडिकल कॉलेज परिसर में नाली निर्माण की गुणवत्ता पर उठे थे सवाल, बिना वाइब्रेटर ढलाई और सरिया की गुणवत्ता को लेकर सामने आई थी कथित लापरवाही
कोरबा (ट्रैक सिटी)। स्व. बिसाहू दास महंत शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय परिसर में नगर निगम द्वारा कराए जा रहे नाली निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर ट्रैक सिटी न्यूज़ द्वारा प्रमुखता से खबर प्रकाशित किए जाने के बाद आखिरकार नगर निगम के अधिकारी हरकत में आ गए। खबर सामने आने के बाद मामले को संज्ञान में लेते हुए निगम की ओर से कार्रवाई की गई और ठेकेदार द्वारा किया गया निर्माण कार्य तोड़ दिया गया।
दरअसल, मेडिकल कॉलेज परिसर में नगर निगम के माध्यम से नाली निर्माण का कार्य कराया जा रहा था। निर्माण के दौरान कई तकनीकी पहलुओं को लेकर सवाल खड़े हुए थे। मौके पर कंक्रीट की ढलाई बिना वाइब्रेटर के किए जाने की बात सामने आई थी। वहीं निर्माण में इस्तेमाल की जा रही सरिया की गुणवत्ता, मोटाई और निर्धारित मानकों के अनुरूप उसके उपयोग को लेकर भी संदेह जताया गया था।

मौके पर मौजूद ठेकेदार के मिस्त्री से जब वाइब्रेटर के इस्तेमाल को लेकर सवाल किया गया था, तो उन्होंने बताया था कि पिछले दो-तीन दिनों से वाइब्रेटर खराब पड़ा हुआ है। ऐसे में सवाल उठना स्वाभाविक था कि जब निर्माण कार्य में जरूरी उपकरण खराब है, तो उसकी मरम्मत या वैकल्पिक व्यवस्था किए बिना कंक्रीट की ढलाई क्यों जारी रखी गई?
इससे भी गंभीर बात यह थी कि निर्माण स्थल पर नगर निगम के जिम्मेदार इंजीनियर और अधिकारी मौजूद नहीं दिखाई दिए। ऐसे में निर्माण कार्य की गुणवत्ता की निगरानी और तकनीकी मानकों के पालन को लेकर भी सवाल उठाए गए थे।
ट्रैक सिटी न्यूज़ ने इस पूरे मामले को प्रमुखता से उठाते हुए नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारियों से जवाबदेही और निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच की आवश्यकता को सामने रखा था।
खबर प्रकाशित होते ही हरकत में आया निगम
समाचार प्रकाशन के बाद नगर निगम के अधिकारियों ने मामले पर तत्काल संज्ञान लिया। इसके बाद ठेकेदार द्वारा किए गए निर्माण कार्य को तोड़ दिया गया। इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि निर्माण कार्य में सामने आई कमियों और उठे सवालों को निगम ने गंभीरता से लिया।
हालांकि, अब यह भी महत्वपूर्ण है कि निगम के अधिकारी पूरे मामले की तकनीकी जांच कराएं और यह स्पष्ट करें कि निर्माण कार्य को आखिर किन कारणों से तोड़ने का निर्णय लिया गया। साथ ही यह भी बताया जाना चाहिए कि संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध क्या कार्रवाई की जाएगी और दोबारा निर्माण कराते समय गुणवत्ता के निर्धारित मानकों का पालन कैसे सुनिश्चित होगा।
जनता के पैसों से होने वाले निर्माण में जवाबदेही जरूरी
मेडिकल कॉलेज परिसर जैसे महत्वपूर्ण स्थान पर होने वाले निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए। आखिरकार ऐसे विकास कार्यों पर खर्च होने वाली राशि जनता के पैसे से आती है। यदि निर्माण में लापरवाही होती है, तो उसका खामियाजा आने वाले समय में आम लोगों और संस्थान को भुगतना पड़ सकता है।
अब देखना यह होगा कि नगर निगम केवल निर्माण कार्य तुड़वाकर अपनी जिम्मेदारी पूरी मानता है या फिर मामले की निष्पक्ष तकनीकी जांच कराकर संबंधित ठेकेदार और निगरानी करने वाले जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही भी तय करता है।
फिलहाल, इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर साबित किया है कि जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने पर प्रशासनिक तंत्र को जवाबदेह बनाया जा सकता है। ट्रैक सिटी न्यूज़ आगे भी शहर के विकास कार्यों की गुणवत्ता और जनता के पैसों के सदुपयोग से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाता रहेगा।

