कोरबा (ट्रैक सिटी)। कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र में रविवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में दो यात्रियों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि छह यात्री घायल हो गए। हादसा तानाखार स्थित अनूप ढाबा के पास सुबह करीब 3 बजे हुआ, जहां अम्बिकापुर से रायपुर जा रही रॉयल यात्री बस को एक ट्रेलर ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को तत्काल कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। वहीं, एक यात्री की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। हादसे में दो यात्रियों की जान चली गई। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है।
तड़के हुए इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कैमरामैन के साथ, जितेन्द्र सिंह राजपूत, कोरबा।
