रायपुर/कोरबा (ट्रैक सिटी)। प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए रायपुर कमिश्नरेट पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) की कम्प्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) के दौरान हाईटेक तरीके से नकल करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन छिपाकर प्रश्नों की तस्वीरें लेने वाले एक अभ्यर्थी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा लोक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम, 2024 के तहत मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, 15 जुलाई 2026 को थाना डी.डी. नगर क्षेत्र के आईडीजेड सरोना स्थित परीक्षा केंद्र में आयोजित RRB की CBT परीक्षा की द्वितीय पाली के दौरान कक्ष निरीक्षक को एक अभ्यर्थी की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत हुईं। इसके बाद उसकी विशेष निगरानी की गई।
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों से पुष्टि हुई कि अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र में चोरी-छिपे मोबाइल फोन लेकर पहुंचा था और परीक्षा के दौरान कम्प्यूटर स्क्रीन पर प्रदर्शित प्रश्नों की फोटो अपने मोबाइल से खींच रहा था।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने डबल अंडरगारमेंट पहनकर उसके भीतर मोबाइल फोन छिपाया था, ताकि सुरक्षा जांच में पकड़ा न जा सके। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से मोबाइल फोन बरामद किया गया। मोबाइल की जांच में परीक्षा के दौरान पूछे गए प्रश्नों की तस्वीरें मिलीं, जो कम्प्यूटर स्क्रीन पर प्रदर्शित प्रश्नों से पूरी तरह मेल खाती थीं।
मामले की सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। उनके निर्देश पर प्रार्थी की रिपोर्ट के आधार पर थाना डी.डी. नगर में अपराध क्रमांक 432/2026 दर्ज किया गया। आरोपी के विरुद्ध धारा 318(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा लोक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम, 2024 की धारा 10(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस ने आरोपी अफताब पिता गुलाम मोहम्मद (28 वर्ष), निवासी संतरेजीपुरा, इतवारी, नागपुर (महाराष्ट्र) को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी से जब्त सामग्री
एक सैमसंग मोबाइल फोन
आधार कार्ड
संबंधित परीक्षा का प्रवेश पत्र
पुलिस का कहना है कि प्रतियोगी परीक्षाओं में किसी भी प्रकार की नकल, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का अवैध उपयोग या परीक्षा की गोपनीयता भंग करने के प्रयास करने वालों के विरुद्ध आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। यह कार्रवाई प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता और लाखों ईमानदार अभ्यर्थियों के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
Leave a Reply

