कोरबा/कटघोरा

ट्रेलर ने स्कूटी सवार तीन स्कूली बच्चों को कुचला, दो की मौत, एक गंभीर।

कोरबा (ट्रैक सिटी)। कटघोरा-अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग-130 पर बुधवार को एक भीषण सड़क हादसे में दो स्कूली बच्चों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया और ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्काजाम कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीनों नाबालिग स्कूली बच्चे स्कूटी से पोड़ी उपरोड़ा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रेलर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि दो बच्चों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीसरा बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही बांगो थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल बच्चे को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल, कोरबा रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने कटघोरा-अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग-130 पर जाम लगा दिया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी ग्रामीणों को समझाइश देकर जाम समाप्त कराने का प्रयास कर रहे हैं।

फिलहाल पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक बच्चों की पहचान और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button