बालोद

कॉलेज जा रही युवती पर एसिड अटैक, अज्ञात युवक ने चेहरे पर फेंका तेजाब; हालत नाजुक, रायपुर रेफर।

बालोद(ट्रैक सिटी)। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में सोमवार को कॉलेज जा रही एक युवती पर अज्ञात युवक द्वारा एसिड फेंककर हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना बालोद कोतवाली थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। एसिड अटैक में युवती गंभीर रूप से झुलस गई, जिसके बाद उसे तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल बालोद ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवती कॉलेज जाने के लिए निकली थी। इसी दौरान अज्ञात युवक ने उस पर हमला करते हुए उसके चेहरे पर एसिड फेंक दिया। अचानक हुए इस हमले से युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद आसपास के लोगों ने उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

बताया जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गया और तांदुला बांध की ओर स्थित जंगलों की तरफ भाग गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आरोपी ने सफेद रंग की शर्ट पहन रखी थी। घटना की सूचना मिलते ही बालोद पुलिस सक्रिय हुई और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच करने के साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस आरोपी की पहचान, हमले के पीछे की वजह और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाने में जुटी है। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही एसिड अटैक के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

पुलिस द्वारा मामले में विस्तृत जानकारी अलग से साझा किए जाने की बात कही गई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

 

 

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button