कोरबा

कोरबा इंटर स्कूल किकबॉक्सिंग प्रतियोगिता में डीडीएम स्कूल बना चैंपियन, 166 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

कोरबा (ट्रैक सिटी)। खेल एवं युवा कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़ शासन से मान्यता प्राप्त किकबॉक्सिंग एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ के मार्गदर्शन में 24 अक्टूबर 2026 को कोरबा जिला किकबॉक्सिंग एसोसिएशन एवं सीएमए किकबॉक्सिंग एकेडमी के संयुक्त तत्वावधान में इंटर स्कूल किकबॉक्सिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों के लगभग 166 खिलाड़ियों के साथ 40 कोच, मैनेजर एवं ऑफिशियल्स ने हिस्सा लिया।

प्रतियोगिता में चिल्ड्रन, कैडेट एवं जूनियर बालक-बालिका वर्ग के खिलाड़ियों ने पाइंट फाइटिंग, किक लाइट एवं म्यूजिकल फॉर्म्स जैसी विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने अलग-अलग वजन वर्गों में मुकाबले करते हुए पदकों के लिए जोरदार प्रदर्शन किया।

डीडीएम स्कूल ने जीते सर्वाधिक 59 पदक

प्रतियोगिता में डीडीएम स्कूल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 20 स्वर्ण, 23 रजत एवं 16 कांस्य पदक सहित कुल 59 पदक हासिल किए और चैंपियनशिप में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं न्यू ईरा प्रोग्रेसिव स्कूल ने 16 स्वर्ण, 6 रजत एवं 4 कांस्य सहित कुल 26 पदक जीतकर दूसरा स्थान प्राप्त किया। अग्रसेन पब्लिक स्कूल के खिलाड़ियों ने 11 स्वर्ण, 3 रजत एवं 2 कांस्य सहित कुल 16 पदक हासिल कर तीसरा स्थान प्राप्त किया।

छत्तीसगढ़ किकबॉक्सिंग एसोसिएशन के संस्थापक एवं कार्यकारी अध्यक्ष तारकेश मिश्रा ने प्रतियोगिता की जानकारी देते हुए बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य स्कूली खिलाड़ियों को खेल के प्रति प्रोत्साहित करना, उनकी प्रतिभा को निखारना तथा किकबॉक्सिंग के माध्यम से आत्मरक्षा के प्रति जागरूक करना है।

मंत्री लखन लाल देवांगन ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह

प्रतियोगिता के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में महापौर संजू देवी राजपूत अति विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं। वहीं एमआईसी सदस्य एवं पार्षद नरेंद्र देवांगन, क्रीड़ा भारती के जिलाध्यक्ष बलराम विश्वकर्मा, प्रफुल्ल तिवारी, योगेश मिश्रा एवं वैभव शर्मा ने विशिष्ट अतिथि के रूप में खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

मुख्य अतिथि मंत्री लखन लाल देवांगन ने खिलाड़ियों, अभिभावकों एवं प्रशिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में किकबॉक्सिंग केवल एक खेल नहीं, बल्कि आत्मरक्षा के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी विजेता, उपविजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए खेल के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

समारोह में मंचासीन अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में निर्णायकों एवं तकनीकी अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

निर्णायकों एवं व्यायाम शिक्षकों की रही सहभागिता

प्रतियोगिता में अंतरराष्ट्रीय रेफरी प्रभात साहू एवं मयंक डडसेना के साथ वरिष्ठ खिलाड़ी एवं रेफरी अंकुश लाल यादव, शुभम यादव, जुनैद आलम, रितेश साहा, सोमेश साहू, सुयश नामदेव एवं जगदीश यादव ने निर्णायक की भूमिका निभाई। वहीं लोकिता चौहान अभिलेख प्रभारी के रूप में उपस्थित रहीं।

विभिन्न विद्यालयों की टीमों के साथ व्यायाम शिक्षक सुमित सिंह, संदीप मंडल, यश शर्मा, प्रेरणा मुनि एवं शुभम महापात्र सहित अन्य विद्यालयों के व्यायाम शिक्षक भी मौजूद रहे। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के उत्साह, खेल भावना एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन की उपस्थित खेलप्रेमियों ने सराहना की और सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं।

Editor in chief | Website | + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button