कोरबा (ट्रैक सिटी)। राताखार बायपास मार्ग पर सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों के खिलाफ गुरुवार को पुलिस ने कार्रवाई की। कोतवाली प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राजस्थान ट्रांसपोर्ट कंपनी की सड़क पर खड़ी गाड़ियों पर कार्रवाई की।
गौरतलब है कि जय मां सर्वमंगला गौ सेवा समिति ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर राताखार बायपास पर भारी वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग और गोवंश की सुरक्षा का मुद्दा उठाया था। समिति ने वाहन चालकों पर गोसेवकों को धमकाने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की थी। ज्ञापन सौंपे जाने के बाद ट्रैक सिटी ने इस मामले को प्रमुखता से प्रकाशित किया था।

इसके बाद पुलिस की कार्रवाई को मामले में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। समिति के अध्यक्ष रवि चंदेल और सचिव टामेश अग्रवाल सहित गौ सेवकों ने सड़क पर खड़े भारी वाहनों से उत्पन्न परेशानी को लेकर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया था। अब कार्रवाई के बाद बायपास मार्ग पर यातायात व्यवस्था और गोवंश की सुरक्षा को लेकर आगे की स्थिति पर नजर रहेगी।

