कोरबा/कटघोरा(ट्रैक सिटी)। जिले के कटघोरा में शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा विभाग ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर बड़ी कार्रवाई की। विभागीय टीम ने मुरली होटल और शारदा स्वीट्स का निरीक्षण किया। इस दौरान शिकायत के आधार पर मुरली होटल में सांभर का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया।
निरीक्षण के दौरान दोनों प्रतिष्ठानों में स्वच्छता संबंधी खामियां पाए जाने और खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) के नियमों का पालन नहीं किए जाने पर विभाग ने सख्त कार्रवाई की। दोनों प्रतिष्ठानों को आगामी आदेश तक बंद रखने का नोटिस जारी किया गया है। साथ ही इनके क्रय-विक्रय पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है।
खाद्य अधिकारी विकास भगत ने बताया कि शिकायत मिलने पर मुरली होटल से सांभर का नमूना जांच के लिए लिया गया है। निरीक्षण में अस्वच्छ परिस्थितियां और FSSAI के नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों को आगामी आदेश तक बंद करने का नोटिस दिया गया है।
खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई से कटघोरा के होटल और मिठाई दुकानों के संचालकों में हड़कंप मच गया है।
