महासमुंद/कोरबा (ट्रैक सिटी)। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महासमुंद पुलिस ने गांजा तस्करी के एक मामले में कार्रवाई करते हुए 40 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 10.190 किलोग्राम गांजा और एक मोबाइल फोन सहित कुल ₹5.10 लाख की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, 8 सितंबर 2026 को थाना सिंघोड़ा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध व्यक्ति ट्रॉली बैग में गांजा रखकर एनएच-53 पर ग्राम रेहटीखोल के पास बस का इंतजार कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम श्रवण कुमार तिवारी (40), पिता गुलाब प्रसाद तिवारी, निवासी करौदी, थाना बरही, जिला कटनी (मध्यप्रदेश) बताया। पुलिस द्वारा ट्रॉली बैग के संबंध में पूछताछ किए जाने पर वह पहले गोलमोल जवाब देता रहा। लगातार पूछताछ के बाद उसने बैग में गांजा होने की बात स्वीकार की।
ओडिशा से कटनी ले जा रहा था गांजा
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह डोंगरीपाली, जिला बलांगीर (ओडिशा) क्षेत्र से गांजा लेकर कटनी (मध्यप्रदेश) जा रहा था। बताया गया कि गांजा को वह स्वयं बिक्री करने की योजना बना रहा था। इससे पहले ही सिंघोड़ा पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे से 10.190 किलोग्राम अवैध गांजा, जिसकी कीमत ₹5,09,000 बताई गई है, बरामद किया गया। इसके अलावा एक कीपैड मोबाइल फोन कीमत ₹1,000 भी जब्त किया गया। इस तरह कुल जब्ती ₹5,10,000 की हुई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(2)(बी) के तहत अपराध दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
गिरफ्तार आरोपी: श्रवण कुमार तिवारी, उम्र 40 वर्ष, निवासी करौदी, थाना बरही, जिला कटनी (मध्यप्रदेश)।
जब्ती: 10.190 किलो गांजा — ₹5.09 लाख एवं एक मोबाइल फोन — ₹1,000। कुल जब्ती — ₹5.10 लाख।
Leave a Reply

