कोरबा (ट्रैक सिटी)/ पाली थाना क्षेत्र के नवकन्या तालाब में मंगलवार सुबह एक 34 वर्षीय युवक का शव तैरता मिला। मुख्य मार्ग स्थित तालाब के पास मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पाली पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। पास ही एक मोटरसाइकिल लावारिस हालत में मिली, जिसके आधार पर मृतक की पहचान लिटियाखार निवासी संजय कुमार श्याम (34) के रूप में हुई। पुलिस ने मोटरसाइकिल जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया गया कि संजय ने अपनी पत्नी को प्रसव के लिए पाली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। डॉक्टरों ने बड़े ऑपरेशन की बात कही थी, जिसके चलते वह आर्थिक और मानसिक तनाव में था। इसी दौरान उसकी पत्नी ने एक बच्ची को जन्म दिया। परिवार में खुशी का माहौल था, लेकिन इसी बीच संजय का शव तालाब में मिलने से खुशियां मातम में बदल गईं।
पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मौत हादसा है, आत्महत्या या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, यह जांच के बाद स्पष्ट होगा।

