कोरबा

दीपिका खदान में डीजल चोरी का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार, 200 लीटर डीजल और कैंपर जब्त।

कोरबा(ट्रैक सिटी)। SECL की दीपका खदान में डीजल चोरी के मामले में दीपका पुलिस और CISF की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 200 लीटर चोरी का डीजल और वारदात में इस्तेमाल कैंपर वाहन क्रमांक CG 04 OD 1798 जब्त किया गया है। मामले में दो अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, देर रात करीब 2 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि दीपका खदान क्षेत्र में एक कैंपर वाहन के डाले में डीजल से भरा ड्रम रखा हुआ है और कुछ लोग चोरी के डीजल को बेचने की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही प्रशिक्षु आईपीएस किशन कुमार निर्मलकर के मार्गदर्शन में दीपका थाना पुलिस और CISF की संयुक्त टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी।

मौके पर कैंपर वाहन में चार लोग सवार मिले। पुलिस और CISF की टीम को देखते ही दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकले, जबकि घेराबंदी कर दो आरोपियों को पकड़ लिया गया। कैंपर वाहन की तलाशी लेने पर उसमें डीजल से भरा ड्रम मिला, जिसमें करीब 200 लीटर डीजल रखा हुआ था।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बुधमान बिंझवार (32), निवासी दादरपारा, थाना कुसमुंडा और नवधा पटेल (28), निवासी चेतमा, थाना पाली के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे निजी कंपनी में कार्यरत इंजीनियर नवीन साहू और वेल्डर चुनामणी कश्यप के साथ मिलकर डीजल चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे थे।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि एलके-1 क्षेत्र में खड़े डोजर क्रमांक 905 के डीजल टैंक से पाइप के माध्यम से करीब 200 लीटर डीजल निकाला गया था। चोरी के डीजल को टीन के ड्रम में भरने के बाद डोजर सेक्शन में छिपाकर रखा गया था। इसके बाद चोरी किए गए डीजल को ट्रक चालकों को बेचने की तैयारी की जा रही थी।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 200 लीटर चोरी का डीजल और कैंपर वाहन जब्त कर लिया है। मामले में थाना दीपका में BNS की धारा 303(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। फरार आरोपियों नवीन साहू और चुनामणी कश्यप की तलाश में पुलिस की टीम जुटी हुई है।

दीपका और गेवरा खदान क्षेत्र में डीजल चोरी की घटनाओं को लेकर पहले भी शिकायतें सामने आती रही हैं। पुलिस और CISF की इस संयुक्त कार्रवाई के बाद खदान क्षेत्र में डीजल चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button