बलौदाबाजार

बलौदाबाजार के स्कूलों में मिड-डे मील की होगी सख्त जांच, खाद्य सुरक्षा टीम लेगी सैंपल; गड़बड़ी मिलने पर स्वयं सहायता समूह पर कार्रवाई।

बलौदाबाजार(ट्रैक सिटी)। प्रधानमंत्री पोषण शक्ति योजना के तहत जिले के प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में परोसे जाने वाले मध्यान्ह भोजन (मिड-डे मील) की गुणवत्ता की अब खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम नियमित जांच करेगी। भोजन के सैंपल लेकर गुणवत्ता परीक्षण किया जाएगा और किसी भी प्रकार की कमी मिलने पर संबंधित स्वयं सहायता समूह (SHG) को कार्य से पृथक करने सहित कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

यह निर्णय शुक्रवार को कलेक्टर कुलदीप शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्तरीय निगरानी समिति की बैठक में लिया गया। बैठक में प्रधानमंत्री पोषण शक्ति योजना के संचालन, भोजन की गुणवत्ता, विद्यार्थियों की उपस्थिति तथा स्वास्थ्य परीक्षण सहित विभिन्न विषयों की विस्तृत समीक्षा की गई।

कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि जिले के प्रत्येक विकासखंड के स्कूलों से हर 15 दिन में रैंडम तरीके से मध्यान्ह भोजन के सैंपल लेकर गुणवत्ता की जांच की जाए और इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भोजन की गुणवत्ता या साफ-सफाई में किसी भी प्रकार की लापरवाही मिलने पर संबंधित संस्था के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में कलेक्टर ने आगामी 15 अगस्त तक जिले के 50 स्कूलों को 5-स्टार रेटिंग दिलाने का लक्ष्य भी निर्धारित किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्कूलों में निर्धारित दैनिक मेन्यू के अनुसार ही मध्यान्ह भोजन उपलब्ध कराया जाए, ताकि विद्यार्थियों को पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन मिल सके।

कलेक्टर ने स्कूलों में ‘न्योता भोज’ की परंपरा को बढ़ावा देने के निर्देश भी दिए। उन्होंने सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) से कहा कि जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों को इस अभियान से जोड़कर स्वैच्छिक आधार पर न्योता भोज का आयोजन कराया जाए।

बैठक में विद्यार्थियों की स्कूलों में नियमित उपस्थिति पर भी विशेष जोर दिया गया। कलेक्टर ने शासन के निर्देशों के अनुरूप कम से कम 75 प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए बीईओ और बीआरसी को लगातार निगरानी रखने को कहा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक माह स्कूलवार उपस्थिति की समीक्षा की जाए। जिन विद्यालयों में विद्यार्थियों की उपस्थिति कम होगी, वहां पहले संबंधित प्राचार्य और बीईओ को नोटिस जारी किया जाएगा। इसके बाद भी सुधार नहीं होने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। वहीं बेहतर उपस्थिति दर्ज कराने वाले प्राचार्यों और प्रधान पाठकों को सम्मानित किया जाएगा।

बैठक में विद्यार्थियों के स्वास्थ्य परीक्षण की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने आरएसबीवाई के तहत स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर जुलाई माह तक निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप सभी विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री दिव्या अग्रवाल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश अवस्थी, प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी के.एस. मरावी सहित समिति के सदस्य और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button