कोरबा

मालदा घाट के जंगल में मिली सड़ी-गली अज्ञात व्यक्ति की लाश, क्षेत्र में सनसनी

कटघोरा/कोरबा (ट्रैक सिटी)। कटघोरा थाना क्षेत्र के मालदा घाट स्थित बाउंड्री वॉल प्लांट परिसर के घने जंगल में रविवार सुबह पानी के पास एक अज्ञात व्यक्ति की सड़ी-गली लाश मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव काफी पुराना होने की आशंका जताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शव पुरुष का है, जिसकी पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है।
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह एक महिला की नजर जंगल क्षेत्र में पानी के पास पड़े शव पर पड़ी। शव की हालत बेहद खराब थी और उससे दुर्गंध आ रही थी। महिला ने इसकी जानकारी आसपास के ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों को दी। इसके बाद पार्षद एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के माध्यम से कटघोरा पुलिस को घटना की सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही कटघोरा थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेने की कार्रवाई शुरू करने के साथ ही आसपास के क्षेत्र की बारीकी से जांच की। शव की पहचान के लिए पुलिस आसपास के इलाकों में पिछले कुछ समय से लापता लोगों की जानकारी भी जुटा रही है।
फोरेंसिक जांच से खुलेगा मौत का राज
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा फोरेंसिक विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है। घटनास्थल से मिले संभावित साक्ष्यों की जांच के साथ आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस स्थानीय ग्रामीणों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शव वहां कब और किन परिस्थितियों में पहुंचा।
फिलहाल मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच रिपोर्ट के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है। कटघोरा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी और मामले में जांच कार्रवाई जारी है।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button