कोरबा (ट्रैक सिटी)। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में जिला पुलिस बल, कोरबा द्वारा आस्था के प्रमुख केंद्र मां मड़वारानी मंदिर एवं उसके आसपास के संपूर्ण परिसर में एक वृहद स्वच्छता एवं श्रमदान अभियान चलाया गया।
यह संपूर्ण अभियान पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितीश ठाकुर के निर्देशन में आयोजित हुआ।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशों के अनुरूप धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ व पर्यावरण अनुकूल बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस बल ने स्वयं झाड़ू और स्वच्छता उपकरण थामकर श्रमदान किया।
अधिकारियों व जवानों ने किया श्रमदान :
अभियान के दौरान रक्षित निरीक्षक अनथ राम पैकरा, सूबेदार मयंक वर्मा एवं सूबेदार युगल किशोर की अगुवाई में रक्षित केन्द्र कोरबा की टीम व जवानों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
मंदिर की सीढ़ियों, मुख्य परिसर, विश्राम स्थलों, परिक्रमा पथ तथा आसपास के खुले परिक्षेत्र में फैले प्लास्टिक कचरे व अन्य अपशिष्ट पदार्थों को एकत्र कर सुरक्षित निस्तारण सुनिश्चित किया गया।
सभी ने मिलकर पूरे क्षेत्र की गहन सफाई कराई तथा दर्शन हेतु पहुंचे श्रद्धालुओं और स्थानीय दुकानदारों को स्वच्छता बनाए रखने व सिंगल-यूज़ प्लास्टिक का उपयोग न करने का संदेश दिया।
सामाजिक सरोकार और स्वच्छता का संदेश :
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ सामाजिक सरोकार, पर्यावरण संरक्षण और धार्मिक-सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता में योगदान देना पुलिस का अभिन्न दायित्व है।
अभियान के समापन पर मंदिर प्रबंधन समिति एवं स्थानीय नागरिकों ने कोरबा पुलिस की इस संवेदनशील व जनहितैषी पहल का स्वागत करते हुए उपस्थित समस्त पुलिस बल के प्रति आभार व्यक्त किया।

