अभिभावकों की शिकायत और जांच रिपोर्ट के बाद शिक्षा विभाग की कार्रवाई
बलरामपुर-रामानुजगंज। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, रघुनाथनगर में ‘संस्कार सरिता’ पुस्तक वितरण को लेकर उठे विवाद के बाद शिक्षा विभाग ने कार्रवाई की है। जिला शिक्षा अधिकारी, बलरामपुर-रामानुजगंज द्वारा जारी आदेश के अनुसार, विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य महेश कुमार प्रजापति को उनके दायित्व से मुक्त कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विद्यालय में पुस्तक वितरण को लेकर अभिभावकों ने शिकायत की थी। मामले की जांच के लिए गठित समिति की रिपोर्ट में विद्यालय की प्रशासनिक एवं शैक्षणिक व्यवस्था में सुधार के लिए वर्तमान प्रभारी प्राचार्य को हटाने की अनुशंसा की गई थी।
जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा 28 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश में महेश कुमार प्रजापति को प्रभारी प्राचार्य के दायित्व से मुक्त करते हुए शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जनकपुर के व्याख्याता एलबी दुलेश्वर सिंह को रघुनाथनगर स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य का दायित्व सौंपा गया है।
आदेश में श्री प्रजापति को तत्काल संयुक्त जिला कार्यालय, बलरामपुर में शिक्षा शाखा में उपस्थिति देने के निर्देश भी दिए गए हैं।
पुस्तक वितरण को लेकर हुई शिकायतों के बाद शिक्षा विभाग की इस कार्रवाई को विद्यालय की प्रशासनिक एवं शैक्षणिक व्यवस्था में सुधार की दिशा में उठाए गए कदम के रूप में देखा जा रहा है।

