कोरबा

बकरीद पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट, शहर में निकाला फ्लैग मार्च

कोरबा (ट्रैक सिटी)। मुस्लिम धर्मावलंबियों का दूसरा सबसे बड़ा त्योहार बकरीद अर्थात कुर्बानी का पर्व ईद-उल-अजहा 28 मार्च गुरुवार को श्रद्धा और अकीदत के साथ मनाया जाएगा। पर्व को लेकर जहां मुस्लिम समाज में तैयारियां जोरों पर हैं, वहीं जिला एवं पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं।
इसी कड़ी में आज पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले तथा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के नेतृत्व में कोतवाली थाना, सिविल लाइन थाना, मानिकपुर चौकी एवं सीएसईबी पुलिस सहायता केंद्र के प्रभारी और पुलिस स्टाफ द्वारा शहर में फ्लैग मार्च निकाला गया।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस टीम ने शहर के विभिन्न मस्जिदों, ईदगाहों एवं इबादतगाहों के आसपास भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और आमजन को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व मनाने का संदेश दिया।
टीपी नगर चौक पर यातायात विभाग के अधिकारियों एवं एएसआई मनोज कुमार राठौर के साथ यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने नमाज के दौरान और उसके बाद उमड़ने वाली भीड़ को ध्यान में रखते हुए यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए।
सभी नमाज स्थलों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पर्व के दौरान पुलिस की पेट्रोलिंग पार्टी लगातार क्षेत्र में गश्त करती रहेगी तथा धर्मस्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी, ताकि बकरीद का त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button