कोरबा (ट्रैक सिटी)।कोरबा के वरिष्ठ पत्रकार हरिराम चौरसिया का निधन हो गया। वे लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे और रायपुर में उनका उपचार जारी था। उनके निधन की खबर से कोरबा के पत्रकारिता जगत में शोक की लहर है। आज दोपहर उनके बालकोनगर स्थित निवास से अंतिम यात्रा निकाली जाएगी।

परिजनों के अनुसार, स्वर्गीय हरिराम चौरसिया का पार्थिव शरीर लेकर परिवार सोमवार सुबह करीब 9 बजे रायपुर से कोरबा के लिए रवाना हो चुका है। इसके आधार पर दोपहर करीब 2 बजे तक पार्थिव देह के कोरबा पहुंचने की संभावना है। इसके बाद उनकी अंतिम यात्रा बालकोनगर की साडा कॉलोनी स्थित उनके निवास (एमजीएम स्कूल के पीछे) से निकलेगी। अंतिम यात्रा सेक्टर-5, नेहरूनगर स्थित मुक्तिधाम पहुंचेगी, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

हरिराम चौरसिया लंबे समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय थे। अपने अनुभव, कार्यशैली और पत्रकारिता के प्रति समर्पण से उन्होंने पत्रकारिता जगत में अलग पहचान बनाई। उनके निधन से कोरबा ने पत्रकारिता के क्षेत्र में एक अनुभवी और समर्पित व्यक्तित्व को खो दिया है।
उनके निधन पर पत्रकारों, सामाजिक संगठनों, शुभचिंतकों एवं गणमान्य नागरिकों ने गहरा दुख व्यक्त किया है। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।


