कोरबा(ट्रैक सिटी)। जिले में नदी-नालों से रेत निकासी पर प्रतिबंध के बावजूद अवैध उत्खनन का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी अवैध रेत खनन से जुड़ा एक दर्दनाक हादसा उरगा थाना क्षेत्र में सामने आया है। आज गुरुवार सुबह ग्राम मड़वारानी के पास सोन नदी से रेत निकालकर लौट रहे एक ट्रैक्टर के पलट जाने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम मड़वारानी निवासी शिवकुमार पटेल (29 वर्ष), पिता दुबराज पटेल, अपने साथियों के साथ ट्रैक्टर लेकर सोन नदी में रेत निकालने गए थे। बताया जा रहा है कि दोपहर के समय ट्रैक्टर में रेत भरकर वापस लौटते वक्त ग्राम जर्वे के पास वाहन तेज रफ्तार और असंतुलित होने के कारण अनियंत्रित होकर पलट गया।
हादसा इतना भयावह था कि शिवकुमार पटेल ट्रैक्टर के इंजन के नीचे दब गया। वहीं ट्रैक्टर चालक अमित कुमार और एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद शिवकुमार को ट्रैक्टर के नीचे से बाहर निकाला। इसके बाद उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। वहीं घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
यह हादसा जिले में जारी अवैध रेत उत्खनन की गंभीर समस्या को एक बार फिर उजागर करता है। प्रशासन द्वारा रेत खदानों और नदी-नालों से रेत निकासी पर प्रतिबंध लगाए जाने के बावजूद कई क्षेत्रों में चोरी-छिपे रेत का अवैध कारोबार जारी है। रेत तस्कर ट्रैक्टरों और अन्य वाहनों के माध्यम से लगातार नदियों से रेत निकाल रहे हैं, जिससे न केवल राजस्व की हानि हो रही है बल्कि लोगों की जान भी जोखिम में पड़ रही है।
मड़वारानी में हुआ यह हादसा अवैध रेत उत्खनन से जुड़े खतरों की एक बड़ी चेतावनी माना जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते अवैध रेत खनन पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में भी इस तरह की घटनाएं सामने आ सकती हैं।

