कोरबा(ट्रैक सिटी)/ मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार चक्रवात के उत्तरी आंध्र प्रदेश तट पर लैंडफॉल करने की संभावना है। इसके प्रभाव से 27 अक्टूबर को सुकमा एवं दंतेवाड़ा तथा 28 एवं 29 अक्टूबर को प्रदेश के सभी जिलों में वर्षा की संभावना जताई गई है। प्रदेश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जिले के सभी संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिला एवं तहसील स्तर पर कंट्रोल रूम सक्रिय रखने, मौसम संबंधी चेतावनियों की लगातार निगरानी करने तथा राजस्व, पुलिस, नगर निगम, पंचायत, स्वास्थ्य, विद्युत सहित सभी संबंधित विभागों को अलर्ट पर रखने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर ने निचले एवं जलभराव वाले क्षेत्रों तथा बाढ़ की आशंका वाले स्थानों की पहचान कर राहत एवं बचाव की व्यवस्था तैयार रखने को कहा है। एसडीआरएफ, होमगार्ड और अन्य बचाव दलों को आवश्यक उपकरणों सहित तैयार रखने तथा जलाशयों एवं बांधों के जलस्तर पर लगातार नजर रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। जल निकासी की स्थिति बनने पर प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को समय रहते सूचित करने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
कलेक्टर दुदावत ने अधिकारियों को तैयारियों की व्यक्तिगत रूप से समीक्षा करने और जिले को पूरी तरह सतर्क रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में जनहानि रोकना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है।
*’नागरिकों से अपील’*
कलेक्टर ने जिले के नागरिकों से मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने और प्रशासन द्वारा जारी सूचनाओं पर ध्यान देने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि वर्षा के दौरान निचले इलाकों, जलभराव वाले स्थानों और उफनते नालों के पास जाने से बचें। जलभराव या किसी अन्य आपात स्थिति की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित करें तथा बचाव कार्य में जुटे दलों का सहयोग करें।

