कोरबा (ट्रैक सिटी)। कोरबा प्रेस क्लब की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी (कार्यकाल 2026-28) का शपथ ग्रहण समारोह गुरुवार, 23 जुलाई को दोपहर 12 बजे पंडित जवाहरलाल नेहरू सभागार, रामपुर (कोरबा) में आयोजित किया जाएगा। पत्रकारिता जगत के लिए महत्वपूर्ण माने जा रहे इस समारोह में छत्तीसगढ़ शासन के उप मुख्यमंत्री एवं कोरबा जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
समारोह में प्रदेश के कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन, भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पाण्डेय, पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, रामपुर विधायक फूलसिंह राठिया, कोरबा महापौर संजू देवी राजपूत, नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर तथा जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह सहित अनेक विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहेंगे।
इस अवसर पर कोरबा प्रेस क्लब की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी पद एवं गोपनीयता की शपथ लेगी। संरक्षक कमलेश यादव के मार्गदर्शन में अध्यक्ष नौशाद खान, उपाध्यक्ष राजकुमार शाह, सचिव दिनेश राज, उप सचिव हरीश तिवारी, कोषाध्यक्ष दुर्गेश श्रीवास्तव तथा कार्यकारिणी सदस्य राजेश कुमार मिश्रा (मिट्ठू), नवाब हुसैन और आकाश शर्मा सहित अन्य सदस्य विधिवत शपथ ग्रहण करेंगे।
समारोह में रायपुर प्रेस क्लब एवं बिलासपुर प्रेस क्लब के पदाधिकारियों के साथ-साथ प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में पत्रकारों की सहभागिता रहेगी। कार्यक्रम को लेकर मीडिया जगत में उत्साह का माहौल है और इसे पत्रकारों के बीच समन्वय एवं संगठन को नई मजबूती देने वाला आयोजन माना जा रहा है।
कोरबा प्रेस क्लब ने जिले के जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पत्रकारों, सामाजिक संगठनों तथा नागरिकों से शपथ ग्रहण समारोह में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का उत्साहवर्धन करने की अपील की है। प्रेस क्लब पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया है कि नई कार्यकारिणी पत्रकारों के हितों की रक्षा, निष्पक्ष पत्रकारिता को बढ़ावा देने तथा समाज और मीडिया के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाएगी।
Leave a Reply

