एमसीबी

शहीद राजीव पांडे, शहीद कौशल यादव, वीर हनुमान सिंह पुरस्कार सहित खेल अलंकरणों के लिए आवेदन आमंत्रित: 5 अगस्त तक करें ऑनलाइन आवेदन

एमसीबी/ खेल एवं युवा कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा वर्ष 2025-26 के लिए राज्य के उत्कृष्ट खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं निर्णायकों को विभिन्न राज्य स्तरीय खेल अलंकरणों एवं पुरस्कारों से सम्मानित करने हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर ने जिले के पात्र खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं खेल संघों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की है।
जिला खेल अधिकारी ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी 05 अगस्त 2026 तक वित्तीय वर्ष 2025-26 (01 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026) के दौरान अर्जित उपलब्धियों के आधार पर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से खेल एवं युवा कल्याण विभाग की वेबसाइट https://sportsyw.cg.gov.in पर अपलोड किए गए आवेदन ही मान्य होंगे।
संचालनालय खेल एवं युवा कल्याण, छत्तीसगढ़ द्वारा प्रतिवर्ष उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं निर्णायकों को राज्य खेल अलंकरणों से सम्मानित किया जाता है। शहीद राजीव पांडे पुरस्कार सीनियर वर्ग के उन खिलाड़ियों को प्रदान किया जाता है, जिन्होंने राष्ट्रीय चौम्पियनशिप अथवा राष्ट्रीय खेलों में पदक अर्जित किया हो। पंकज विक्रम सम्मान ऐसे खिलाड़ियों को दिया जाता है, जिन्होंने विगत पांच वर्षों में चार बार सीनियर वर्ग की राष्ट्रीय चौम्पियनशिप में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व किया हो। वीर हनुमान सिंह पुरस्कार उत्कृष्ट प्रशिक्षकों एवं निर्णायकों को प्रदान किया जाता है। शहीद विनोद चौबे सम्मान खेल क्षेत्र से जुड़े 55 वर्ष या उससे अधिक आयु के ऐसे व्यक्तियों को दिया जाता है, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लिया हो, राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक अर्जित किया हो अथवा खेलों के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया हो।
इसी प्रकार मुख्यमंत्री ट्रॉफी सीनियर एवं जूनियर वर्ग की राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक प्राप्त करने वाली टीमों को प्रदान की जाती है। नगद राशि पुरस्कार सीनियर, जूनियर एवं सब-जूनियर वर्ग की राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को दिया जाता है। वहीं डायरेक्ट मनी (खेलवृत्ति) सीनियर, जूनियर एवं सब-जूनियर वर्ग के ऐसे खिलाड़ियों को प्रदान की जाती है, जिन्होंने राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लिया हो अथवा राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में सहभागिता की हो। डायरेक्ट मनी  (खेलवृत्ति) के लिए खिलाड़ियों की अधिकतम आयु 19 वर्ष निर्धारित की गई है।
नगद राशि पुरस्कार एवं डायरेक्ट मनी (खेलवृत्ति) के लिए आवेदन सीधे संचालनालय, संबंधित खेल संघ के माध्यम से अथवा जिला कार्यालय, खेल एवं युवा कल्याण विभाग में भी जमा किए जा सकते हैं। जिला खेल अधिकारी ने जिले के सभी पात्र खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं खेल संघों से समय-सीमा के भीतर आवेदन कर राज्य शासन द्वारा संचालित इन पुरस्कारों एवं प्रोत्साहन योजनाओं का लाभ लेने की अपील की है।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button