कोरबा (ट्रैक सिटी)। लालघाट क्षेत्र स्थित एक पोल्ट्री फार्म में अचानक नाग सांप के घुस आने से कर्मचारियों और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। सांप को देखते ही फार्म संचालक ने बिना जोखिम उठाए वन विभाग को इसकी सूचना दी। वन विभाग के मार्गदर्शन में RCRS (Reptile Care and Rescuer Society) की रेस्क्यू टीम को मौके पर बुलाया गया।
सूचना मिलते ही RCRS के सदस्य मानस और उमेश मौके पर पहुंचे। टीम ने सुरक्षा के साथ पूरे पोल्ट्री फार्म में सर्च अभियान शुरू किया। काफी सावधानी और मशक्कत के बाद टीम को नाग दिखाई दिया, जिसके बाद प्रशिक्षित तरीके से उसे सुरक्षित पकड़ लिया गया।
रेस्क्यू के दौरान टीम ने मौके पर मौजूद लोगों को सांप से पर्याप्त दूरी बनाए रखने और उसे किसी भी तरह नुकसान नहीं पहुंचाने की समझाइश दी। रेस्क्यू किए गए नाग को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ने की कार्रवाई की गई।
सांप दिखे तो खुद पकड़ने की कोशिश न करें
RCRS टीम ने लोगों से अपील की कि घर, खेत, पोल्ट्री फार्म या अन्य स्थानों पर सांप दिखाई देने पर घबराएं नहीं और न ही उसे मारने या खुद पकड़ने का प्रयास करें। इसकी सूचना तत्काल वन विभाग या प्रशिक्षित सर्प रेस्क्यू टीम को दें।
विशेषज्ञों के अनुसार सांप पारिस्थितिकी तंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। वे चूहों समेत कई छोटे जीवों की आबादी को नियंत्रित करने में अहम भूमिका निभाते हैं। ऐसे में सुरक्षित रेस्क्यू कर उन्हें उनके प्राकृतिक आवास में छोड़ना मानव और वन्यजीवों के बीच संतुलन बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
वन विभाग और RCRS की संयुक्त पहल से नाग को सुरक्षित बचाकर प्राकृतिक आवास में छोड़ा गया, जिससे वन्यजीव संरक्षण और मानव-वन्यजीव सह-अस्तित्व का संदेश भी सामने आया।

