कोरबा (ट्रैक सिटी)। शहर के राताखार वार्ड में इन दिनों एक हैंडपंप स्थानीय लोगों के लिए कौतूहल का विषय बना हुआ है। यहां हैंडपंप कई दिनों से बिना चलाए लगातार पानी उगल रहा है। पानी की धार लगातार बनी हुई है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, आसपास के कुछ स्थानों पर जमीन से पानी रिसने की स्थिति भी दिखाई दे रही है। वहीं वार्ड पार्षद रवि चंदेल ने बताया कि मामले की सूचना नगर निगम और स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारियों को दी गई है, लेकिन अब तक मौके पर जांच की पहल नहीं हुई है।
बारिश के बाद बढ़े भूजल स्तर की संभावना
राताखार हसदेव नदी के किनारे बसा क्षेत्र है। हाल में हुई तेज बारिश के बाद नदी और आसपास के जलस्रोतों में पानी बढ़ा है। ऐसे में स्थानीय स्तर पर संभावना जताई जा रही है कि भूजल स्तर बढ़ने या जमीन के भीतर पानी का दबाव बढ़ने से हैंडपंप से पानी बाहर आ रहा हो।
हालांकि, यह केवल स्थानीय स्तर पर जताई जा रही संभावना है। पानी निकलने का वास्तविक कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है और इसकी पुष्टि तकनीकी जांच के बाद ही हो सकेगी।
जांच से सामने आएगी असली वजह
लगातार कई दिनों से पानी निकलने की स्थिति को देखते हुए संबंधित विभागों द्वारा मौके का निरीक्षण कर पानी के स्रोत और हैंडपंप से लगातार पानी निकलने के कारण की जांच किया जाना जरूरी है। फिलहाल यह घटना स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।

