कोरबा

कोरबा-अंबिकापुर NH-130 पर पेट्रोल-डीजल से भरे टैंकर में भीषण आग,हाईवे पर मचा हड़कंप।

कोरबा(ट्रैक सिटी)। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में कोरबा-अंबिकापुर नेशनल हाईवे-130 पर गुरसियां के पास गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब पेट्रोल और डीजल से लोड एक टैंकर में अचानक भीषण आग लग गई। टैंकर में करीब 2 हजार लीटर पेट्रोल और 8 हजार लीटर डीजल लोड होने की जानकारी सामने आई है। आग की लपटें उठते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के मुताबिक, टैंकर चालक और कंडक्टर खाना खाने के बाद वाहन को लेकर आगे निकलने की तैयारी कर रहे थे। बताया जा रहा है कि चालक ने जैसे ही टैंकर को स्टार्ट किया, पार्किंग के पास अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने टैंकर को अपनी चपेट में ले लिया। खतरे को भांपते हुए चालक और कंडक्टर ने तत्काल टैंकर से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।

टैंकर में बड़ी मात्रा में पेट्रोल और डीजल भरा होने के कारण आग लगने के बाद आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। टैंकर में विस्फोट की आशंका को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने एहतियातन कोरबा-अंबिकापुर नेशनल हाईवे-130 पर वाहनों की आवाजाही रोक दी। हाईवे पर यातायात रोके जाने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

घटना की सूचना मिलते ही बांगो पुलिस और यातायात पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आसपास के रिहायशी इलाकों को भी खाली कराने की कार्रवाई की जा रही है, ताकि आग के फैलने या टैंकर में किसी तरह का विस्फोट होने की स्थिति में जनहानि को रोका जा सके। प्रशासन और पुलिस की टीम पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।

फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। शुरुआती तौर पर टैंकर स्टार्ट करने के दौरान पार्किंग के पास आग लगने की बात सामने आई है, लेकिन आग किस वजह से भड़की, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस घटना के संबंध में टैंकर चालक और कंडक्टर से भी पूछताछ करेगी। हादसे के बाद मौके पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button