NEWS

बिलासपुर–रायपुर नेशनल हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, 3 की मौत; 8 से 10 यात्री घायल

ट्रैक सिटी। छत्तीसगढ़ में सोमवार, 26 अक्टूबर की सुबह बिलासपुर–रायपुर नेशनल हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। ग्राम दरचुरा के पास सड़क किनारे खड़े खराब ट्रक के पिछले हिस्से से अंबिकापुर से रायपुर जा रही रॉयल कंपनी की यात्री बस टकरा गई। हादसे में प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 से 10 यात्रियों के घायल होने की सूचना है।

जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना सुबह करीब 5:30 बजे हुई। बस क्रमांक CG04 NM 0859 में हादसे के समय कुल 22 यात्री सवार थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कुछ यात्री अंदर ही फंस गए।

बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए राहत एवं बचाव दल गैस कटर की मदद ले रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस और बचाव दल मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया गया।

घायलों को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल सिमगा भेजा जा रहा है। फिलहाल मृतकों की पहचान, घायलों की सही संख्या और हादसे के कारणों को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

ब्रेकिंग अपडेट: हादसे में तीन लोगों की मौत की प्रारंभिक सूचना है। राहत एवं बचाव अभियान जारी है। आधिकारिक पुष्टि के बाद मृतकों और घायलों की संख्या में बदलाव संभव है।

 

ड्राइवर, हेल्पर और यात्री की मौत

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान जशपुर निवासी बस चालक भागीरथी यादव (37), बलरामपुर निवासी हेल्पर पवन देवांगन (24) और बलरामपुर निवासी यात्री समीम मोहम्मद (39) के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

Editor in chief | Website | + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button