कोरबा (ट्रैक सिटी)। कस्तूरबा छात्रावास परिसर में करीब 5 फीट लंबा कोबरा सांप दिखाई देने से हड़कंप मच गया। छात्रावास में पुनर्निर्माण कार्य के दौरान मजदूरों की नजर अचानक सांप पर पड़ी, जिसके बाद वहां मौजूद लोगों में भय का माहौल बन गया।
घटना की सूचना उमेश राठौर ने वन विभाग एवं नोवा नेचर के सदस्य जितेंद्र सारथी को दी। सूचना मिलते ही जितेंद्र सारथी मौके पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक कोबरा का सुरक्षित रेस्क्यू किया। सांप को रेस्क्यू बैग में सुरक्षित रखने के बाद उसे जंगल में उसके प्राकृतिक रहवास में छोड़ दिया गया। इसके बाद छात्रावास प्रबंधन और वहां मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।
बच्चों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता
छात्रावास में बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए ऐसी घटनाओं को गंभीरता से लिया जा रहा है। परिसर में सांप या अन्य वन्यजीव दिखाई देने पर तत्काल विशेषज्ञों को सूचना देकर आवश्यक कार्रवाई की जाती है।
जितेंद्र सारथी ने लोगों से अपील की कि सांप दिखाई देने पर घबराएं नहीं और न ही उसे मारने का प्रयास करें। उससे सुरक्षित दूरी बनाए रखें तथा प्रशिक्षित रेस्क्यू विशेषज्ञ या वन विभाग को सूचना दें। समय पर सूचना मिलने से मानव जीवन और वन्यजीवों, दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।

