तीन दिन में मांगा गया था स्पष्टीकरण, जवाब में बोले– संगठन की ताकत नोटिस से नहीं, कार्यकर्ताओं के विश्वास से बढ़ती है
कोरबा (ट्रैक सिटी)। भारतीय जनता युवा मोर्चा जिला कोरबा में संगठनात्मक अनुशासन को लेकर जारी एक कारण बताओ नोटिस अब चर्चा का विषय बन गया है। युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष वैभव शर्मा द्वारा प्रशिक्षण सह प्रमुख विवेक राजवाड़े को जारी नोटिस के बाद अब राजवाड़े ने अपना लिखित जवाब प्रस्तुत करते हुए संगठनात्मक कार्यशैली और नेतृत्व की भूमिका पर कई सवाल खड़े किए हैं। उनके जवाब में जहां अपनी पार्टी के प्रति निष्ठा और समर्पण दोहराया गया है, वहीं नोटिस जारी करने के तरीके पर भी तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की गई है।
दरअसल, भारतीय जनता युवा मोर्चा जिला कोरबा के जिला अध्यक्ष वैभव शर्मा ने विवेक राजवाड़े को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया था। पत्र में उल्लेख किया गया था कि जिला पदाधिकारी होने के बावजूद वे युवा मोर्चा के कार्यक्रमों और बैठकों में अनुपस्थित रहते हैं तथा अपने दायित्वों का निर्वहन नहीं कर रहे हैं। इसे संगठन की मर्यादा और अनुशासनहीनता की श्रेणी में मानते हुए उनसे पत्र प्राप्त होने के तीन दिनों के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया था। नोटिस में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने की स्थिति में संगठन के नियमानुसार आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई किए जाने की बात भी कही गई थी। पत्र की प्रतिलिपि भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी और युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिया को भी भेजी गई थी।
जवाब में दिखाई तीखी नाराजगी, कहा– मैं 24 घंटे पार्टी के लिए समर्पित
नोटिस के जवाब में विवेक राजवाड़े ने अपनी निष्ठा पर किसी भी प्रकार का संदेह किए जाने को अनुचित बताते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लिए उनका समर्पण किसी समयबद्ध नौकरी की तरह नहीं है। वे सप्ताह के सातों दिन और दिन के 24 घंटे पार्टी के लिए कार्यरत रहते हैं।
उन्होंने अपने जवाब में स्पष्ट किया कि उनका संगठनात्मक कार्य केवल बैठकों में उपस्थिति दर्ज कराने या मंच और फोटो तक सीमित नहीं है। वे कार्यकर्ताओं के रोजगार, स्वास्थ्य और व्यक्तिगत समस्याओं में भी लगातार सहयोग करते हैं। किसी कार्यकर्ता को नौकरी की आवश्यकता हो, उसके परिवार में बीमारी हो या उसे संगठन में आगे बढ़ने का अवसर चाहिए, वे हर परिस्थिति में उसके साथ खड़े रहने का प्रयास करते हैं।
राजवाड़े ने कहा कि उनका वास्तविक संगठनात्मक कार्य जमीन पर कार्यकर्ताओं के बीच है और वे लगातार संगठन को मजबूत बनाने के लिए प्रयासरत हैं।
अनुपस्थिति को अनुशासनहीनता मानने पर उठाए सवाल
विवेक राजवाड़े ने अपने जवाब में बैठकों और कार्यक्रमों में अनुपस्थिति को लेकर भी अपना पक्ष रखा है। उनका कहना है कि यदि किसी बैठक या कार्यक्रम में उनकी उपस्थिति नहीं हो पाई, तो इसका अर्थ यह नहीं है कि वे संगठन से दूर हैं। कई बार उसी समय वे दूसरे संगठनात्मक कार्यों, कार्यकर्ताओं की समस्याओं या सामाजिक दायित्वों में व्यस्त रहते हैं।
उन्होंने कहा कि वे पार्टी से कभी दूर नहीं हुए, बल्कि पार्टी के ही कार्यों में लगे रहे हैं। ऐसे में केवल बैठकों में उपस्थिति के आधार पर उनकी संगठनात्मक निष्ठा और अनुशासन पर सवाल उठाना उचित नहीं है।
विद्यार्थी परिषद के संस्कारों का दिया हवाला
अपने जवाब में राजवाड़े ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से मिले संस्कारों का भी उल्लेख किया है। उन्होंने लिखा कि विद्यार्थी परिषद ने उन्हें सिखाया है कि सर्वोपरि राष्ट्र है, उसके बाद संगठन और फिर परिवार। इसी विचारधारा और भाव के साथ वे भारतीय जनता पार्टी में काम कर रहे हैं।
उनका कहना है कि राष्ट्र और संगठन के प्रति समर्पण की भावना से काम करने वाले कार्यकर्ता को अनुशासनहीन कहना उचित नहीं होगा।
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का उदाहरण देकर नेतृत्व पर सवाल
विवेक राजवाड़े के जवाब का सबसे चर्चित हिस्सा नेतृत्व की कार्यशैली को लेकर उठाया गया सवाल है। उन्होंने अपने पत्र में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का उदाहरण देते हुए पूछा है कि यदि उनकी जगह राष्ट्रीय अध्यक्ष होते, तो क्या वे किसी कार्यकर्ता को सीधे नोटिस भेज देते?
राजवाड़े ने अपने जवाब में लिखा कि उनका विश्वास है कि वरिष्ठ नेतृत्व पहले कार्यकर्ता से उसकी अनुपस्थिति का कारण जानने, उसका हालचाल पूछने और उसकी परेशानी समझने का प्रयास करता। उन्होंने यह भी कहा कि नोटिस से कार्यकर्ता टूटता है, जबकि संवाद से कार्यकर्ता जुड़ता है।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में लिखा कि संगठन की ताकत नोटिस से नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं के विश्वास से बढ़ती है।
संगठन के भीतर संवाद बनाम अनुशासन की बहस
इस पूरे घटनाक्रम ने युवा मोर्चा के भीतर संगठनात्मक अनुशासन और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद की कार्यशैली को लेकर नई बहस छेड़ दी है। एक ओर जिला अध्यक्ष द्वारा पदाधिकारी की बैठकों और कार्यक्रमों में अनुपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए स्पष्टीकरण मांगा गया है, वहीं दूसरी ओर विवेक राजवाड़े ने अपने जवाब में जमीनी स्तर पर किए जा रहे कार्यों को अपनी संगठनात्मक सक्रियता का आधार बताया है।
फिलहाल राजवाड़े ने अपने जवाब में पूर्ववत संगठन की सेवा करते रहने की इच्छा जताई है। अब देखना होगा कि युवा मोर्चा का जिला नेतृत्व उनके स्पष्टीकरण पर क्या रुख अपनाता है और इस मामले में आगे संगठनात्मक स्तर पर क्या निर्णय लिया जाता है।

