ग्रेच्युटी, दीपावली बोनस और अनुग्रह राशि अपने खाते में कराई ट्रांसफर, कोतवाली पुलिस ने भेजा जेल
कोरबा (ट्रैक सिटी)। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के एक कर्मचारी की ग्रेच्युटी, दीपावली बोनस एवं अनुग्रह राशि का गबन करने के मामले में कोरबा की कोतवाली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर विभागीय राशि कुल 56 हजार 65 रुपये आरटीजीएस के माध्यम से अपने बैंक खाते में ट्रांसफर करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मामले में प्रार्थी शत्रुहन कुमार सोनी, निवासी छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, कार्यालय कार्यपालन अभियंता, तुलसीनगर कोरबा द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत के आधार पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 177/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316(5), 336, 340 एवं 238 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने संदेही हरीश कुमार साहू, पिता स्वर्गीय अंजोर साय, उम्र 35 वर्ष, निवासी एसई/522, सीएसईबी कॉलोनी, कोरबा पूर्व को उसके निवास से थाना लाकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने संभागीय कार्यालय स/सं संभाग कोरबा, तुलसीनगर में लाइन परिचालक के पद पर कार्यरत रहते हुए कर्मचारी की ग्रेच्युटी, दीपावली बोनस एवं अनुग्रह राशि की कुल 56,065 रुपये की रकम आरटीजीएस के जरिए अपने खाते में ट्रांसफर करने की बात स्वीकार की।
मामले में आरोपी के विरुद्ध अपराध घटित होना पाए जाने पर पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
कोरबा पुलिस का कहना है कि जिले में आर्थिक अनियमितताओं और अन्य अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना, चौकी अथवा डायल-112 पर दें।
