कोरबा (ट्रैक सिटी)। छत्तीसगढ़ी भाषा और स्थानीय संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिले के सभी शासकीय स्कूलों एवं महाविद्यालयों में 27 नवंबर से 5 दिसंबर तक ‘महतारी भाषा सम्मान सप्ताह’ का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग ने निर्देश जारी किए हैं। जिला स्तर पर भी सभी प्राचार्यों एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
जारी कार्यक्रम के अनुसार सप्ताहभर विभिन्न स्तरों पर निबंध, भाषण, वाद-विवाद और लोकगीत प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। 27 नवंबर को मिडिल स्कूल स्तर पर छत्तीसगढ़ी/महतारी भाषा में निबंध प्रतियोगिता होगी। 30 नवंबर को भाषण प्रतियोगिता, 1 दिसंबर को हाई स्कूल स्तर पर वाद-विवाद, 2 दिसंबर को लोकगीत प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
इसी तरह 3 दिसंबर को हायर सेकेंडरी स्तर पर निबंध, 4 दिसंबर को भाषण तथा 5 दिसंबर को महाविद्यालय स्तर पर वाद-विवाद प्रतियोगिता होगी।
प्रतियोगिताओं के लिए निर्धारित विषयों में छत्तीसगढ़ की संस्कृति, स्थानीय बोली, मातृभाषा का महत्व, युवा पीढ़ी और भाषा का भविष्य, पारंपरिक खेती-किसानी, आदिवासी संस्कृति का संरक्षण तथा सोशल मीडिया और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के दौर में छत्तीसगढ़ी भाषा की स्थिति जैसे विषय शामिल हैं।
शासन के निर्देशानुसार प्रतियोगिताओं में एक से अधिक विषय प्रस्तावित किए गए हैं। इनमें से किसी एक विषय का चयन कर आयोजन किया जा सकेगा। साथ ही जहां छत्तीसगढ़ी भाषा के अतिरिक्त अन्य स्थानीय महतारी भाषा का प्रयोग अधिक होता है, वहां प्रतियोगिताओं का आयोजन संबंधित स्थानीय भाषा में भी किया जा सकेगा।
इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों और युवाओं में अपनी मातृभाषा के प्रति सम्मान, गौरव और जागरूकता बढ़ाना तथा छत्तीसगढ़ की लोककला, साहित्य और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करना है।

