कोरबा (ट्रैक सिटी)/ आयुष मेडिकल एसोसिएशन कोरबा एवं हिमालया फार्मा जिला डिवीजन, बेंगलुरु के संयुक्त तत्वावधान में 19 जुलाई 2026 (रविवार) को आयुष चिकित्सकों का विशेष सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। यह सम्मेलन दोपहर 1 बजे से होटल टॉप इन टाउन, कोरबा में होगा, जिसमें गुदरोग (अर्श एवं भगंदर) के कारण, निदान और आयुर्वेदिक उपचार पर विशेषज्ञ चिकित्सकों के बीच विस्तृत परिचर्चा एवं अनुभव साझा किए जाएंगे।
सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति के माध्यम से गुदरोगों के प्रभावी उपचार, नवीन चिकित्सकीय दृष्टिकोण और व्यावहारिक अनुभवों का आदान-प्रदान करना है। इस दौरान चिकित्सक अर्श (पाइल्स) एवं भगंदर (फिस्टुला) जैसे जटिल रोगों के कारणों, उनके निदान और उपचार की विभिन्न विधियों पर विस्तार से चर्चा करेंगे।
कार्यक्रम में आयुष मेडिकल एसोसिएशन कोरबा के सभी पदाधिकारी, जिले के बीएएमएस चिकित्सक सदस्य तथा आयुर्वेद क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ भाग लेंगे। इसके अलावा हिमालया फार्मा जिला डिवीजन, बेंगलुरु के रीजनल मैनेजर आनंद पाण्डेय और सेल्स ऑफिसर चक्रपाणि पांडे भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
आयुष मेडिकल एसोसिएशन कोरबा के जिलाध्यक्ष डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने जिले के सभी आयुष चिकित्सकों (बीएएमएस) से सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के वैज्ञानिक एवं शैक्षणिक सम्मेलन चिकित्सकों के ज्ञानवर्धन के साथ-साथ आधुनिक और पारंपरिक आयुर्वेदिक उपचार पद्धतियों के समन्वय को भी बढ़ावा देते हैं। साथ ही उन्होंने सभी चिकित्सकों से अपने क्षेत्र के अन्य आयुष चिकित्सकों तक भी इस सम्मेलन की जानकारी पहुंचाने का आग्रह किया।
यह सम्मेलन आयुर्वेद चिकित्सा के क्षेत्र में कार्यरत चिकित्सकों के लिए ज्ञान, अनुभव और नवीन उपचार पद्धतियों को साझा करने का महत्वपूर्ण मंच साबित होगा, जिससे गुदरोग से पीड़ित मरीजों को बेहतर एवं प्रभावी उपचार उपलब्ध कराने में भी सहायता मिलेगी।

