कोरबा

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कोरबा प्रेस क्लब की नई कार्यकारिणी को दिलाई शपथ, 20 लाख की सहायता की घोषणा;

 

मंच से जयसिंह अग्रवाल ने पूछा- “ढाई साल की ढाई उपलब्धियां बताइए”

कोरबा (ट्रैक सिटी)। पंडित जवाहरलाल नेहरू सभागार, रामपुर में गुरुवार को कोरबा प्रेस क्लब की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया। समारोह में छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने प्रेस क्लब की नई कार्यकारिणी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई तथा पत्रकारों को निष्पक्ष, निर्भीक और जनहित में कार्य करने का संदेश दिया।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कोरबा प्रेस क्लब के विकास एवं अधोसंरचना सुदृढ़ीकरण के लिए 20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। उनकी इस घोषणा का उपस्थित पत्रकारों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया।
समारोह में विशिष्ट अतिथि उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने अपने संबोधन में कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पत्रकार सदैव निर्भीक होकर अपने दायित्वों का निर्वहन करते हैं और समाज को सही दिशा देने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।
कार्यक्रम में कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, रामपुर विधायक फूल सिंह राठिया, महापौर संजू देवी राजपूत, नगर पालिक निगम कोरबा के सभापति नूतन सिंह ठाकुर, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉक्टर पवन सिंह, पूर्व राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे। वहीं रायपुर एवं बिलासपुर प्रेस क्लब के पदाधिकारियों सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पत्रकारों ने भी समारोह में अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
समारोह के दौरान कोरबा प्रेस क्लब के अध्यक्ष नौशाद खान ने प्रेस क्लब की अब तक की गतिविधियों, उपलब्धियों एवं आगामी योजनाओं की जानकारी देते हुए पत्रकार हितों के लिए किए जाने वाले कार्यों का खाका प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के अंत में प्रेस क्लब की ओर से सभी अतिथियों का स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया।

मंच से राजनीतिक नोकझोंक भी बनी चर्चा का विषय

शपथ ग्रहण समारोह के दौरान उस समय राजनीतिक माहौल भी गर्मा गया, जब मंच से ही पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने उपमुख्यमंत्री अरुण साव से सीधा सवाल करते हुए कहा, “ढाई साल की सरकार की ढाई उपलब्धियां गिना दीजिए।” उन्होंने यह भी कहा कि यदि आवश्यकता हो तो वे कोरबा के विकास के मुद्दे पर सार्वजनिक बहस के लिए तैयार हैं।
पूर्व मंत्री के इस हमलावर तेवर के बाद उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने अपने संबोधन में सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए विपक्ष के आरोपों का जवाब दिया। कार्यक्रम के बाद मीडिया से चर्चा के दौरान भी उन्होंने सरकार के कार्यों का हवाला देते हुए कहा कि राज्य सरकार विकास और सुशासन के एजेंडे पर लगातार कार्य कर रही है तथा जनता के बीच उसके परिणाम स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं।
शपथ ग्रहण समारोह पत्रकारिता के सम्मान, संगठन की मजबूती और राजनीतिक चर्चाओं के कारण पूरे समय आकर्षण का केंद्र बना रहा। पत्रकारों ने इसे प्रेस क्लब के लिए एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक अवसर बताया।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button