कोरबा

कनबेरी मुख्य मार्ग पर अज्ञात कार की ठोकर से साइकिल सवार की दर्दनाक मौत, 4 घंटे चक्काजाम के बाद मिला आश्वासन।

कोरबा (ट्रैक सिटी)। कोरबा-कनबेरी मुख्य मार्ग पर सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक बार फिर कनबेरी मुख्य मार्ग खून से लाल हो गया। कोरबा से अपने घर कनबेरी लौट रहे साइकिल सवार सुरेंदर सिंह को अज्ञात कार ने जोरदार ठोकर मार दी। हादसे में उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद कनबेरी सहित आसपास के ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर कोरबा-कनबेरी मुख्य मार्ग पर करीब चार घंटे तक चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि इस मार्ग पर एसईसीएल से कोयला लेकर गुजरने वाले भारी वाहन, पावर प्लांट से निकलने वाली राखड़ गाड़ियां और अन्य भारी वाहनों की लगातार आवाजाही के कारण आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं।

चक्काजाम की सूचना पर प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। नायब तहसीलदार दीपका बंदेराम भगत की मौजूदगी में ग्रामीणों ने सड़क सुरक्षा और मृतक के परिवार को सहायता से संबंधित कई मांगें रखीं। ग्रामीणों ने निश्चित सहायता राशि देने, मुख्य मार्ग पर स्पीड ब्रेकर बनवाने, स्ट्रीट लाइट लगाने, सांकेतिक बोर्ड लगाने तथा मृतक की पुत्री को निजी ठेका कंपनी में रोजगार उपलब्ध कराने सहित अन्य मांगें रखीं।

ग्रामीणों की मांगों पर प्रशासन की ओर से तत्काल 50 हजार रुपये की सहायता राशि मृतक के परिजनों को प्रदान की गई। इसके बाद चक्काजाम समाप्त किया गया और मार्ग पर आवागमन बहाल हुआ।

धरना स्थल पर ग्राम सरपंच, जनपद प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। हादसे को लेकर ग्रामीणों में काफी आक्रोश देखा गया। ग्रामीणों ने मार्ग पर लगातार हो रहे हादसों को रोकने के लिए जल्द से जल्द सुरक्षा इंतजाम किए जाने की मांग की है।

पुलिस द्वारा हादसे की जांच की जा रही है और अज्ञात वाहन चालक की तलाश की जा रही है। घटना के बाद एक बार फिर कोरबा-कनबेरी मुख्य मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button