कोरबा

कृषि आदान सामग्री की सुगम उपलब्धता से बढ़ा किसानों का आत्मविश्वास।

किसान शीशपाल सिंह कंवर को बिना किसी परेशानी के मिला खाद और बीज।

कोरबा (ट्रैक सिटी)/ खरीफ सीजन की शुरुआत के साथ किसानों के लिए सबसे बड़ी आवश्यकता समय पर खाद और बीज की उपलब्धता होती है। जब कृषि आदान सामग्री बिना किसी परेशानी के सही समय पर मिल जाए, तो किसानों का आत्मविश्वास बढ़ता है और खेती की तैयारियां भी गति पकड़ लेती हैं। कोरबा जिले के ग्राम सराईश्रृंगार, ग्राम पंचायत अजगरबहार निवासी कृषक शीशपाल सिंह कंवर का अनुभव भी कुछ ऐसा ही रहा।

लगभग दो एकड़ भूमि में धान की खेती करने वाले शीशपाल सिंह  कंवर खेती की तैयारियों के लिए सहकारी समिति जामबहार-सोनपुरी पहुंचे। यहां उन्हें उनकी आवश्यकता के अनुरूप खाद एवं बीज आसानी से उपलब्ध हो गया। उन्होंने बताया कि पूरी प्रक्रिया सरल, सुव्यवस्थित और किसान हितैषी रही। समिति में किसी प्रकार की अव्यवस्था अथवा अनावश्यक प्रतीक्षा का सामना नहीं करना पड़ा।

शीशपाल सिंह कंवर ने बताया कि समिति के कर्मचारियों ने उन्हें आवश्यक जानकारी प्रदान करने के साथ-साथ सभी औपचारिकताओं में पूरा सहयोग किया। इससे खाद-बीज प्राप्त करने की प्रक्रिया और भी आसान हो गई। उन्होंने कहा कि किसानों को जब समय पर आदान सामग्री मिलती है, तब वे बिना किसी चिंता के खेती के कार्यों की योजना बना सकते हैं।

उन्होंने कहा कि खरीफ सीजन को देखते हुए शासन द्वारा खाद-बीज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है, जिसका सीधा लाभ किसानों को मिल रहा है। इससे किसानों को खेती के प्रति नया उत्साह और भरोसा मिलता है। उन्होंने बताया कि समिति में उपलब्ध व्यवस्थाएं संतोषजनक थीं और उन्हें कहीं भी किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा।

शीशपाल सिंह कंवर ने किसानों की सुविधा के लिए किए जा रहे इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि समय पर कृषि आदान सामग्री की उपलब्धता खेती को सुगम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने इस व्यवस्था के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और छत्तीसगढ़ सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button