कोरबा

कोरबा पुलिस ने गणेश समितियों और डीजे संचालकों की अलग-अलग बैठक लेकर दिए सख्त निर्देश

कोरबा (ट्रैक सिटी)। गणेश चतुर्थी एवं आगामी गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए कोरबा पुलिस ने जिले के विभिन्न गणेश पंडाल आयोजकों, गणेश समितियों और डीजे संचालकों की पृथक-पृथक बैठकें आयोजित कीं। बैठकों में कानून-व्यवस्था के साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात, विद्युत एवं अग्नि सुरक्षा, ध्वनि प्रदूषण तथा प्रतिमा विसर्जन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पंडालों में CCTV और फायर सेफ्टी पर जोर
पुलिस ने गणेश समितियों को पंडाल परिसर और आसपास CCTV कैमरे लगाने, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था रखने तथा सुरक्षा के इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पंडालों में पर्याप्त क्षमता के फायर एक्सटिंग्विशर रखने और आपात स्थिति से निपटने के लिए जरूरी सुरक्षा उपाय करने को कहा गया।
विद्युत कनेक्शन एवं वायरिंग की जांच सक्षम विद्युतकर्मी से कराने, खुले एवं लूज तारों को तत्काल व्यवस्थित करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही पंडाल इस तरह स्थापित करने को कहा गया कि आम नागरिकों और वाहनों की आवाजाही प्रभावित न हो।
रात में विसर्जन नहीं, निर्धारित स्थल का करना होगा उपयोग
प्रतिमा विसर्जन को लेकर पुलिस ने समितियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि नगर निगम एवं प्रशासन द्वारा निर्धारित विसर्जन स्थलों का ही उपयोग किया जाए। रात्रि में विसर्जन से बचने तथा निर्धारित मार्ग से ही विसर्जन जुलूस निकालने की हिदायत दी गई।
समितियों से कार्यक्रम का समय पहले से निर्धारित करने और विसर्जन के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावित नहीं करने को कहा गया। पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करते हुए विसर्जन कार्यक्रम समय पर पूरा करने की अपील की गई।
डीजे पर रहेगी पुलिस की नजर
गणेश उत्सव के दौरान डीजे संचालन को लेकर संचालकों की अलग बैठक लेकर उन्हें निर्धारित डेसिबल सीमा और समय-सीमा का पालन करने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि निर्धारित सीमा से अधिक आवाज में डीजे बजाने या तय समय का उल्लंघन करने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
हर पंडाल बनेगा साइबर जागरूकता का केंद्र
इस बार कोरबा पुलिस ने गणेश उत्सव को साइबर जागरूकता अभियान से जोड़ने की पहल की है। समितियों से अपने पंडालों में “साइबर जागृति अभियान” के पोस्टर लगाने और श्रद्धालुओं को ऑनलाइन ठगी से बचाव के प्रति जागरूक करने की अपील की गई।
पंडालों में OTP, UPI फ्रॉड, फर्जी KYC, डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन निवेश ठगी और फर्जी लिंक जैसे साइबर अपराधों से बचने के संदेश प्रदर्शित करने के लिए समितियों को प्रेरित किया गया। पुलिस ने बताया कि ऑनलाइन ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
नशे में उपद्रव किया तो होगी कार्रवाई
पुलिस ने गणेश पंडालों और विसर्जन कार्यक्रमों के दौरान शराब अथवा किसी अन्य नशीले पदार्थ का सेवन कर उपद्रव करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी। आयोजकों से भी पंडाल परिसर में नशे का सेवन नहीं होने देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।
उल्लंघन पर कार्रवाई की चेतावनी
पुलिस ने स्पष्ट किया कि गणेश उत्सव आस्था, शांति और सामाजिक सद्भाव का पर्व है। यातायात बाधित करने, ध्वनि प्रदूषण फैलाने, शांति व्यवस्था भंग करने या सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कोरबा पुलिस ने अपील की—
“आस्था के साथ सुरक्षा, उत्सव के साथ जागरूकता—साइबर जागृति से जुड़ें, सुरक्षित कोरबा बनाएं।”
पुलिस ने सभी गणेश समितियों, डीजे संचालकों और नागरिकों से अनुशासन, आपसी सहयोग और सौहार्द के साथ गणेश उत्सव मनाने की अपील की है।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button