कोरबा

कोरबा में शराब दुकान के बाहर जमकर मारपीट, वीडियो वायरल

कोरबा (ट्रैक सिटी)। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत निहारिका शराब दुकान के बाहर 24 मई की रात शराब लेने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद तीन युवकों ने मिलकर एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, शाम होते ही निहारिका शराब दुकान पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट जाती है। 24 मई की रात भी दुकान के बाहर लंबी कतार लगी हुई थी। इसी दौरान शराब लेने को लेकर दो पक्षों में विवाद शुरू हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। तीन युवकों ने एक युवक को घेरकर लात-घूंसों से जमकर पीटा। आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मारपीट करीब आधे घंटे तक रुक-रुक कर चलती रही। घटना का वीडियो किसी राहगीर ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस भी मामले की जांच में जुट गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि निहारिका शराब दुकान के बाहर इस तरह की घटनाएं पहली बार नहीं हुई हैं। इससे पहले भी कई बार नशे की हालत में विवाद और मारपीट की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लोगों का आरोप है कि शाम होते ही दुकान के बाहर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लग जाता है, जिससे क्षेत्र का माहौल बिगड़ने लगता है।
वहीं, दुकान के बाहर सड़क पर वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग भी बड़ी समस्या बनी हुई है। बेतरतीब खड़े दोपहिया और चारपहिया वाहनों के कारण राहगीरों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार यहां जाम जैसी स्थिति भी निर्मित हो जाती है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और पुलिस से शराब दुकान के आसपास नियमित पेट्रोलिंग बढ़ाने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और अव्यवस्थित पार्किंग पर कार्रवाई करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में बड़ी घटना हो सकती है।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button