कोरबा

घर के बाहर खड़ी नई थार में लगाई आग, लाखों का नुकसान।

कोरबा (ट्रैक सिटी)/ सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पोड़ीबहार में सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात अज्ञात शरारती तत्वों ने घर के बाहर खड़ी एक नई थार वाहन में आग लगा दी। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी गाड़ी जलकर खाक हो गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची दमकल टीम ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह नष्ट हो चुका था।

घटना शारदा विद्या निकेतन स्कूल के पास रात करीब 12 से 1 बजे के बीच की बताई जा रही है। सफेद रंग की नई थार घर के बाहर खड़ी थी। इसी दौरान अज्ञात लोगों ने वाहन में आग लगा दी। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। आग की भयावहता देखकर आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और तत्काल डायल-112 तथा सिविल लाइन थाना पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया, लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह जल चुका था। राहत की बात यह रही कि आग आसपास के मकानों तक नहीं पहुंची, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार जली हुई थार वाहन के मालिक का नाम आदित्य कुमार है। वाहन नया होने के कारण आगजनी से लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश और दहशत का माहौल है।

पुलिस प्रारंभिक तौर पर पुरानी रंजिश, शरारती तत्वों की हरकत सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

सिविल लाइन थाना प्रभारी एवं प्रशिक्षु डीएसपी आस्था शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आगजनी का प्रतीत हो रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग की है। वहीं पुलिस ने आश्वासन दिया है कि आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button