कोरबा (ट्रैक सिटी)। जिले के पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत पहाड़ गांव में शनिवार शाम एक हृदयविदारक हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। तेज आंधी और बारिश के दौरान पेड़ की भारी डाल टूटकर इनके ऊपर गिर गई, जिससे यह दर्दनाक घटना घटित हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शाम करीब 6 बजे गांव के आसपास कुछ बच्चे खेल रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और तेज बारिश के साथ आंधी चलने लगी। बारिश से बचने के लिए बच्चे पास के एक बड़े पेड़ के नीचे खड़े हो गए। तभी तेज हवा के कारण पेड़ की एक भारी डाल टूटकर सीधे बच्चों के ऊपर आ गिरी।
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए बच्चों को डाल और मलबे के नीचे से बाहर निकाला तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। बताया जा रहा है कि एक बच्चे ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य की इलाज के दौरान मौत हो गई।
मृतकों की पहचान शिवराम टेकाम, दिनेश तिर्की और कमलेश बड़ा के रूप में हुई है। तीनों किशोरों की उम्र 15 से 17 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी अस्पताल एवं घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बारिश से बचने की कोशिश में गई तीन मासूम जिंदगियां, पहाड़ गांव में पसरा मातम।
Leave a Reply

