कोरबा

दीपावली पर कटघोरा में भारी वाहनों की नो-एंट्री, 9 नवंबर तक प्रतिबंध

 

कटघोरा। दीपावली पर्व के मद्देनजर कटघोरा नगर क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने और आम नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने भारी वाहनों के आवागमन पर एक सप्ताह के लिए पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं दंडाधिकारी कटघोरा ने थाना प्रभारी कटघोरा के प्रतिवेदन के आधार पर इस संबंध में आदेश जारी किया है।

जारी आदेश के अनुसार 2 नवंबर 2026 से 9 नवंबर 2026 तक कटघोरा नगर क्षेत्र में भारी वाहनों का प्रवेश और आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान भारी वाहनों को कटघोरा नगर के भीतर से गुजरने के बजाय बायपास मार्ग का उपयोग करना होगा।

प्रशासन के मुताबिक दीपावली पर्व के दौरान बाजारों में खरीदारी करने वाले लोगों, श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में नगर के भीतर भारी वाहनों के प्रवेश से यातायात बाधित होने, जाम की स्थिति निर्मित होने और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए जनसुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था के लिए यह निर्णय लिया गया है।

कटघोरा एसडीओपी विजय सिंह राजपूत ने बताया कि आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। प्रतिबंधित अवधि के दौरान भारी वाहनों के लिए कटघोरा बायपास मार्ग निर्धारित किया गया है।

आदेश की प्रतिलिपि पुलिस अधीक्षक कोरबा, अपर कलेक्टर कटघोरा, एसडीओपी कटघोरा, जिला परिवहन अधिकारी, तहसीलदार कटघोरा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी एवं थाना प्रभारी कटघोरा सहित संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।

प्रशासन ने यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए वाहन चालकों से निर्धारित मार्ग का पालन करने की अपील की है।

Editor in chief | Website | + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button