कोरबा (ट्रैक सिटी)। शहर के पुरानी बस्ती क्षेत्र में इन दिनों अवैध सट्टा कारोबार तेजी से फैलता नजर आ रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मोहल्लों और गली-चौराहों में खुलेआम सट्टे का खेल संचालित हो रहा है, जिससे युवा वर्ग तेजी से इसकी गिरफ्त में आ रहा है। देर शाम से लेकर रात तक कई स्थानों पर सटोरियों की सक्रियता देखी जा रही है।
जानकारी के अनुसार मोबाइल और ऑनलाइन माध्यमों के जरिए भी सट्टा कारोबार संचालित किया जा रहा है। छोटे-छोटे दांव से शुरू होकर यह कारोबार हजारों रुपये तक पहुंच रहा है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद कार्रवाई केवल औपचारिक बनकर रह जाती है, जिसके चलते सटोरियों के हौसले बुलंद हैं।

स्थानीय नागरिकों ने बताया कि सट्टे के कारण क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों में भी बढ़ोतरी की आशंका बनी रहती है। युवाओं में गलत आदतें बढ़ रही हैं और मेहनत की कमाई इस अवैध कारोबार में बर्बाद हो रही है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से नियमित अभियान चलाकर सट्टा कारोबार पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
गौरतलब है कि प्रदेश के विभिन्न जिलों में भी अवैध सट्टा कारोबार को लेकर लगातार शिकायतें सामने आती रही हैं और पुलिस द्वारा समय-समय पर कार्रवाई की जाती रही है।

