नाली में मांस का अपशिष्ट बहाने की शिकायत, गंदगी और दुर्गंध से परेशान रहवासी; कार्रवाई नहीं होने पर कलेक्टर जनदर्शन जाने की चेतावनी
कोरबा (ट्रैक सिटी)। शहर के मानिकपुर वार्ड क्रमांक 33 में मुख्य मार्ग पर संचालित कल्लू मटन दुकान को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। दुकान से निकलने वाले अपशिष्ट को सार्वजनिक नाली में बहाने, गंदगी और दुर्गंध फैलने की शिकायतों के बीच नगर पालिक निगम के स्वच्छता विभाग ने दुकान संचालक को नोटिस जारी कर तत्काल व्यवसाय बंद करने अथवा निगम द्वारा चिह्नित नॉन-वेज मार्केट में स्थानांतरित होकर संचालन करने के निर्देश दिए हैं।
नगर निगम के स्वच्छता विभाग द्वारा 26 अक्टूबर 2026 को जारी पत्र में उल्लेख किया गया है कि मानिकपुर बस्ती में पशुवध कर मटन विक्रय का कार्य किया जा रहा है। व्यवसाय से उत्पन्न अपशिष्ट को सार्वजनिक नाली में बहाए जाने से दुर्गंध और गंदगी फैलने के साथ बीमारियों की आशंका उत्पन्न हो रही है। निगम ने इसे नगर पालिक निगम अधिनियम का उल्लंघन बताते हुए निर्देशों का पालन नहीं करने पर वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी है।
इधर, मानिकपुर वार्ड के रहवासियों ने आयुक्त को आवेदन सौंपकर दुकान को आबादी वाले क्षेत्र से हटाने की मांग की है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि मुख्य मार्ग से स्कूली बच्चों और आम नागरिकों का नियमित आवागमन होता है। दुकान के आसपास गंदगी और दुर्गंध से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। रहवासियों ने यह भी आरोप लगाया है कि मांस का अपशिष्ट और खून नाले में बहाया जा रहा है, जिससे उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं।
वार्डवासियों के अनुसार, इस संबंध में पहले भी शिकायतें की जा चुकी हैं। उन्होंने महापौर संजूदेवी राजपूत,सभापति नूतन सिंह ठाकुर से भी मामले में हस्तक्षेप की मांग की है। रहवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे कलेक्टर के जनदर्शन में शिकायत करेंगे और संबंधित न्यायालय में लोक न्यूसेंस के तहत कार्रवाई की मांग करेंगे।
अब देखना होगा कि निगम के नोटिस के बाद दुकान संचालक निर्देशों का पालन करता है या प्रशासन आगे की कार्रवाई करता है।

